पश्चिमी सिंहभूम : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में सड़क निर्माण कार्य में लगी जेसीबी मशीन जलाने और रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। टेबो से रायगढ़ा तक सड़क निर्माण के दौरान 10 अक्टूबर 2026 को अपराधियों ने पोकलेन मशीन में आग लगा दी थी। इस घटना में मशीन जलकर क्षतिग्रस्त हो गई थी। मामले में एक अन्य आरोपित अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। शनिवार को चक्रधरपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) डॉ. सैय्यद मुस्तफा हाशमी ने गिरफ्तारी की जानकारी दी।
Read More : झारखंड में अवैध शराब कारोबार पर शिकंजे की तैयारी, DC-SP ने दिए सख्त निर्देश
क्या है जेसीबी जलाने और रंगदारी का मामला?
एसडीपीओ ने बताया कि 10 अक्टूबर 2026 को टेबो से रायगढ़ा तक सड़क निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने निर्माण कार्य में लगी जेसीबी (पोकलेन) मशीन में आग लगा दी। आगजनी में मशीन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस मामले में खूंटी जिले के पिपरा टोली निवासी संतोष कश्यप ने लिखित आवेदन दिया था। उनके आवेदन के आधार पर 11 अक्टूबर को टेबो थाना में कांड संख्या 13/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस ने कैसे पकड़े चारों आरोपित?
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ डॉ. सैय्यद मुस्तफा हाशमी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद 27 नवंबर को पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जीतेन्द्र बोदरा (36), कृष्णा बोदरा उर्फ छोटू (21), लोरेंस धान उर्फ लोचे (23), फूलचंद सिंह मुंडा (27) है।
एक आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित जीतेन्द्र बोदरा का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2016 में उसके खिलाफ मुरहू थाना में लूट का मामला दर्ज किया गया था। एसडीपीओ ने बताया कि घटना में शामिल एक अन्य आरोपित अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। छापेमारी दल में टेबो थाना प्रभारी बिरजू कुमार मेहता सहित विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


