रांची/देवघर। श्रावणी मेला के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का जांच अभियान लगातार जारी है। खाद्य सुरक्षा विभाग विभाग की टीम ने देवघर के विभिन्न होटल, भोजनालय और खाद्य प्रतिष्ठानों में छापेमारी की। जांच के दौरान कई संस्थानों में खाद्य सुरक्षा अधिनियम की अनदेखी और गंभीर अनियमितताएं सामने आई है। जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि एक निजी प्रतिष्ठान से करीब 10 टन आटा, 800 किलो बेसन तथा बड़ी मात्रा में फॉर्च्यून ब्रांड का एक्सपायर्ड खाद्य तेल बरामद किया गया है।
सभी खाद्य सामग्री को जब्त कर सुरक्षित रख लिया गया है। उन्होंने बताया कि आशंका है कि इन एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की खपत श्रावणी मेला के दौरान की जानी थी। हालांकि विभाग की लगातार कार्रवाई के कारण समय रहते पूरे मामले का खुलासा हो गया।
पदाधिकारी ने कहा कि संबंधित प्रतिष्ठान के संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की सुसंगत धाराओं के तहत नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं देवघर स्थित देसी जायका भोजनालय के निरीक्षण के दौरान किचन की स्थिति बेहद गंदगीपूर्ण पाई गई। विभाग ने संचालक को नोटिस जारी करते हुए तत्काल साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
श्रावणी मेला 2026 की शुरुआत के साथ इतनी बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री की बरामदगी यह संकेत देती है कि कुछ लोग श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ कर मुनाफाखोरी की कोशिश में थे। हालांकि जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त निगरानी से बड़ी मात्रा में खराब खाद्य सामग्री बाजार तक पहुंचने से पहले ही पकड़ ली गईद्ध वहीं अधिकारियों ने बताया की जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
also read : JPSC-JSSC गड़बड़ी पर भाजपा का आर-पार का ऐलान, 1 अगस्त को सभी जिलों में धरना




