रांची विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह की तैयारी तेज, 9 अगस्त तक करें आवेदन

रांची : रांची विश्वविद्यालय ने 39वें दीक्षांत समारोह-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। हालांकि, समारोह की अंतिम तिथि की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन इसे सितंबर 2026 के भीतर आयोजित करने की तैयारी में जुटा है।

दीक्षांत समारोह

रांची : रांची विश्वविद्यालय ने 39वें दीक्षांत समारोह-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। हालांकि, समारोह की अंतिम तिथि की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन इसे सितंबर 2026 के भीतर आयोजित करने की तैयारी में जुटा है। कुलपति प्रो. सरोज शर्मा की अध्यक्षता में हुई कोर कमेटी की बैठक में राज्यपाल के निर्देशों के आलोक में सितंबर के भीतर दीक्षांत समारोह को सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। विश्वविद्यालय ने समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सूचना भी जारी कर दी है।

Read More : बाबा आम्रेश्वर धाम में श्रावणी मेले का शुभारंभ, अर्जुन मुंडा ने की पूजा

29 जुलाई से 9 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन

विश्वविद्यालय के अनुसार, 1 फरवरी 2025 से 31 जनवरी 2026 के बीच स्नातकोत्तर परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसी अवधि में पीएचडी, डी.लिट. और डी.एससी. उपाधि का परिणाम प्रकाशित होने वाले विद्यार्थी भी आवेदन के पात्र होंगे। योग्य विद्यार्थी 29 जुलाई से 9 अगस्त 2026 तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट ranchiuniversity.ac.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, पीएचडी, डी.लिट. और डी.एससी. उपाधिधारकों के लिए 1200 रुपये आवेदन शुल्क तय किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।

68 स्वर्ण पदकों में 40 छात्राओं के नाम

रांची विश्वविद्यालय ने 39वें दीक्षांत समारोह के लिए गोल्ड मेडलिस्ट और विषयवार टॉपर्स की आधिकारिक सूची भी जारी कर दी है। सूची के अनुसार इस वर्ष कुल 68 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें 40 स्वर्ण पदक छात्राओं ने अपने नाम किए हैं, जबकि 28 पदक छात्रों को मिलेंगे। इस तरह दीक्षांत समारोह में एक बार फिर छात्राओं का प्रदर्शन प्रमुख रूप से सामने आया है। कला, विज्ञान, वाणिज्य, विधि, शिक्षा, प्रबंधन, कंप्यूटर एप्लीकेशन, नर्सिंग, सूचना प्रौद्योगिकी, फैशन डिजाइन, संगीत, नृत्य, योग विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और कई स्नातकोत्तर विषयों में छात्राओं ने शीर्ष स्थान हासिल किया है।

कई प्रतिष्ठित स्मृति स्वर्ण पदक भी छात्राओं के नाम घोषित किए गए हैं। जारी सूची के अनुसार, ओवरऑल बेस्ट मास्टर डिग्री होल्डर (जनरल) का सम्मान तन्नु कुमारी को दिया जाएगा। वहीं, ओवरऑल बेस्ट मास्टर डिग्री होल्डर (प्रोफेशनल कोर्स) का सम्मान प्रीति कुमारी को मिलेगा। इसके अलावा एमबीबीएस, एलएलबी, शिक्षा, इतिहास, भूगोल, मनोविज्ञान, चिकित्सा, समाजशास्त्र और अन्य विषयों के लिए भी विभिन्न स्मृति स्वर्ण पदकों की घोषणा की गई है।

1 अगस्त तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि यदि किसी छात्र या छात्रा को जारी गोल्ड मेडलिस्ट सूची में नाम, अंक या अन्य किसी विवरण को लेकर आपत्ति है, तो वे 1 अगस्त 2026 तक अपने अंकपत्र और प्रवेश पत्र के साथ परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। प्राप्त आपत्तियों के निष्पादन के बाद गोल्ड मेडलिस्ट की अंतिम सूची जारी की जाएगी। रांची विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार राजकुमार शर्मा ने कहा कि 39वें दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियां चरणबद्ध तरीके से की जा रही हैं। उन्होंने योग्य विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, दीक्षांत समारोह की अंतिम तिथि, मुख्य अतिथि और विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा जल्द की जाएगी। इसकी जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और परीक्षा पोर्टल पर जारी होगी। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शोधार्थियों और स्वर्ण पदक विजेताओं की भागीदारी को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन सभी आवश्यक तैयारियों में जुटा है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *