बाबा आम्रेश्वर धाम में श्रावणी मेले का शुभारंभ, अर्जुन मुंडा ने की पूजा

झारखंड के मिनी धाम के रूप में प्रसिद्ध बाबा आम्रेश्वर धाम में गुरुवार को श्रावणी मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ।
बाबा आम्रेश्वर धाम

खूंटी : झारखंड के मिनी धाम के रूप में प्रसिद्ध बाबा आम्रेश्वर धाम में गुरुवार को श्रावणी मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, उनकी पत्नी मीरा मुंडा, खूंटी के विधायक राम सूर्या मुंडा और अन्य अतिथियों ने नारियल फोड़कर किया। उद्घाटन से पहले अर्जुन मुंडा, मीरा मुंडा और राम सूर्या मुंडा ने बाबा भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने झारखंड और पूरे देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

Read More : कोल्हान में अंतरराज्यीय पुलिस बैठक, नक्सल और तस्करी पर संयुक्त अभियान की तैयारी

पूजा के बाद किया पौधारोपण

पूजा-अर्चना के बाद बाबा आम्रेश्वर धाम परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अर्जुन मुंडा ने रुद्राक्ष और आम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सावन के प्रथम दिन रुद्राक्ष का पौधा लगाना सौभाग्य की बात है। हालांकि, केवल पौधा लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी देखभाल और संरक्षण करना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पत्रकारों से बातचीत में अर्जुन मुंडा ने कहा कि बाबा आम्रेश्वर धाम एक अत्यंत प्राचीन और ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से झारखंड सहित पूरे देश के लोगों को सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की। अर्जुन मुंडा ने बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति और जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए हर वर्ष बेहतर व्यवस्थाएं की जाती हैं।

पहलोल पुल निर्माण में देरी पर जताई चिंता

इस दौरान अर्जुन मुंडा ने पिछले वर्ष भारी बारिश में ध्वस्त हुए पहलोल (बनई नदी) पुल के निर्माण में हो रही देरी पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि खूंटी से बाबा आम्रेश्वर धाम तक पहुंचने के लिए यह प्रमुख मार्ग है, जो ओडिशा और छत्तीसगढ़ को भी जोड़ता है। उन्होंने कहा कि एक वर्ष बीत जाने के बाद भी पुल निर्माण का काम पूरा नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। अर्जुन मुंडा ने सरकार से टास्क फोर्स गठित कर जल्द पुल निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण जल्द पूरा होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी दूर होगी। साथ ही इस मार्ग से जुड़ी व्यापारिक गतिविधियों को भी सुविधा मिलेगी।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु और अतिथि रहे मौजूद

कार्यक्रम में बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के अध्यक्ष लाल ज्ञानेंद्र नाथ शाहदेव, महामंत्री मनोज कुमार, रमेश मांझी, नगर पंचायत की अध्यक्ष रानी टूटी, महेंद्र भगत और कृष्णानंद तिवारी समेत अन्य लोग उपस्थित थे। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *