खूंटी : प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अवर सचिव प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने गुरुवार को खूंटी के अनिगड़ा स्थित आवास पर लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष और पद्मभूषण कड़िया मुंडा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच पीएम केयर्स फंड की उपलब्धियों, वर्तमान कार्यों और भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। प्रधानमंत्री के निर्देश पर प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने कड़िया मुंडा के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। मुलाकात के दौरान पीएम केयर्स फंड के माध्यम से संचालित योजनाओं और सामाजिक कार्यों पर भी चर्चा की गई।
Read More : कोल्हान में अंतरराज्यीय पुलिस बैठक, नक्सल और तस्करी पर संयुक्त अभियान की तैयारी
पीएम केयर्स फंड की उपलब्धियों की दी जानकारी
बैठक के दौरान प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कोविड-19 महामारी के समय पीएम केयर्स फंड के माध्यम से देशभर के अस्पतालों में हजारों स्वदेशी वेंटिलेटर उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर ऑक्सीजन प्लांट भी स्थापित किए गए। उन्होंने बताया कि स्वैच्छिक योगदान के माध्यम से पीएम केयर्स फंड में अब तक 19,013.99 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पीएम केयर्स फंड फॉर चिल्ड्रेन योजना के तहत कोरोना महामारी में अनाथ हुए बच्चों को आर्थिक और स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। पात्र बच्चों को आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा दिया गया है। योजना के अंतर्गत 23 वर्ष की आयु पूरी होने पर पात्र बच्चों के बैंक खाते में 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा सांसदों की अनुशंसा पर कैंसर पीड़ित मरीजों को तीन लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
सेवा केंद्र और शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण
दौरे के क्रम में प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने खूंटी स्थित कड़िया मुंडा सेवा केंद्र, नेत्र अस्पताल, महात्मा एनडी ग्रोवर स्कूल, कुंजला और पेस्टोलॉजी चिल्ड्रन एजुकेशन सोसाइटी का निरीक्षण किया। उन्होंने इन संस्थानों में रह रहे निराश्रित और मेधावी बच्चों से बातचीत की। इस दौरान संस्थानों की गतिविधियों और वहां संचालित कार्यों की जानकारी ली। संयुक्त सचिव ने बच्चों के साथ भोजन भी किया।
कड़िया मुंडा ने भेंट किया हस्तनिर्मित शॉल
इस अवसर पर पद्मभूषण कड़िया मुंडा ने पूर्व आईएएस स्वर्गीय आभाष चटर्जी की ओर से स्थापित नीबूचा बुनकर सहयोग समिति, तोड़गकेल द्वारा निर्मित हस्तनिर्मित शॉल प्रदीप कुमार श्रीवास्तव को भेंट किया। कड़िया मुंडा ने प्रधानमंत्री के लिए अपना शुभकामना संदेश और आशीर्वाद पत्र भी उनके माध्यम से प्रेषित किया। इस संबंध में जानकारी कड़िया मुंडा के सहायक सुदामा मिश्र ने दी।




