रांची में छठ की तैयारी तेज, 72 घाटों पर सफाई और सुरक्षा के इंतजाम

रांची : रांची में छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने काम तेज कर दिया है। शहर के सभी 72 छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने सोमवार को छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक

छठ

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : रांची में छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने काम तेज कर दिया है। शहर के सभी 72 छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने सोमवार को छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्वच्छता, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर जरूरी निर्देश दिए। बैठक में घाटों की सफाई, पहुंच पथों की मरम्मत, बैरिकेडिंग, कृत्रिम चेंजिंग रूम, पेयजल और अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था पर चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सभी काम तय समयसीमा में पूरा करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

Read More : मांडर में शिल्पी नेहा तिर्की ने किया 5000 MT शीतगृह का उद्घाटन

सभी 72 छठ घाटों पर चलेगा विशेष सफाई अभियान

नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि रांची के सभी 72 छठ घाटों पर तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। घाटों से कूड़ा-कचरा हटाने, घास काटने, झाड़ू लगाने और आसपास के क्षेत्रों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। घाटों तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों को भी साफ रखा जाए, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो। जिन जलाशयों में नाली का पानी बह रहा है, वहां जरूरत के अनुसार पानी का रास्ता बदलकर जलाशयों को स्वच्छ रखने की कार्रवाई की जाएगी। जलाशयों में नियमानुसार ब्लीचिंग पाउडर और फिटकरी का इस्तेमाल भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। काली पूजा के दौरान मूर्ति विसर्जन के बाद 24 घंटे के भीतर मूर्ति के अवशेष निकालने और संबंधित स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और रोशनी

नगर निगम सभी छठ घाटों पर जरूरत के अनुसार बांस-बल्लियों से मजबूत बैरिकेडिंग कराएगा। घाटों और संपर्क मार्गों पर झुकी हुई या सूखी पेड़ों की डालियों की छंटाई भी की जाएगी। छठ पूजा समितियों से कहा गया है कि वे स्वयंसेवकों के जरिए श्रद्धालुओं को गहरे पानी में उतरने से रोकें और सुरक्षा संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करें। संबंधित अधिकारी और सुपरवाइजर नियमित रूप से घाटों का निरीक्षण करेंगे। सुरक्षा में कमी मिलने पर उसे तत्काल दूर करने का निर्देश दिया गया है।

नगर निगम की अभियंत्रण शाखा को घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा गया है। जरूरत के अनुसार स्टोन डस्ट डालकर रास्तों को समतल किया जाएगा। घाटों की मरम्मत, सीढ़ियों में सुधार और पेंटिंग समेत जरूरी सिविल कार्य समय पर पूरे किए जाएंगे। खुले नालों को स्लैब से ढकने का काम भी प्राथमिकता से होगा। सभी घाटों और संपर्क मार्गों की खराब स्ट्रीट लाइटें ठीक की जाएंगी। छठ पूजा समितियों से समन्वय कर अतिरिक्त रोशनी की जरूरत का आकलन किया जाएगा, ताकि सुबह और शाम श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

चेंजिंग रूम, पेयजल और शौचालयों की भी व्यवस्था

छठ व्रतियों की सुविधा के लिए आवश्यक घाटों पर कृत्रिम चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि चेंजिंग रूम डबल लेयर के हों और ऊपर से भी पूरी तरह ढके रहें। घाटों पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के साथ मॉड्यूलर टॉयलेट और सुलभ शौचालयों की विशेष सफाई कर उन्हें उपयोग के योग्य रखा जाएगा। छठ पूजा समितियों की ओर से अतिरिक्त रोशनी, स्टोन डस्ट, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम और फॉगिंग को लेकर दिए गए सुझावों पर भी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की टीमें रोजाना घाटों और आसपास के इलाकों की निगरानी करेंगी।

बैठक में पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने पिछले साल नगर निगम की ओर से की गई सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने इस वर्ष भी बेहतर इंतजाम के लिए सुझाव दिए। नगर आयुक्त ने इन सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए समय पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

खरना से छठ समाप्ति तक बंद रहेंगी मीट-मछली की दुकानें

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निर्देश दिया कि खरना के दिन से छठ महापर्व की समाप्ति तक मीट और मछली की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। संबंधित शाखाओं को इस आदेश के अनुपालन के लिए निगरानी और जरूरी कार्रवाई करने को कहा गया है। उन्होंने छठ पूजा समितियों, अंचल कार्यालयों की टीमों, जोनल सुपरवाइजर और वार्ड सुपरवाइजर को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। निगम की टीमें लगातार कमियों की पहचान कर उनका जल्द समाधान करेंगी। छठ घाटों की सीढ़ियों पर घाट बुकिंग के नाम पर किसी भी व्यक्ति को अपना नाम, मोबाइल नंबर या अन्य विवरण लिखने की अनुमति नहीं होगी। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक संपत्ति की सुंदरता और सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्वच्छता अभियान में नागरिकों और युवाओं से सहयोग की अपील

नगर आयुक्त ने छठ पूजा समितियों से स्थानीय नागरिकों, युवाओं, समिति सदस्यों और सामाजिक संस्थाओं को अभी से स्वच्छता अभियान से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि छठ घाटों को साफ और सुंदर बनाए रखना केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से पूजा के दौरान और उसके बाद कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक या पूजन सामग्री के अवशेष जलाशयों में नहीं डालने की अपील की। घाटों, संपर्क मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में निगम का सहयोग करने को भी कहा। छठ महापर्व के दौरान शिकायतों और आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए रांची नगर निगम का कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और नगर निगम से जुड़ी अन्य समस्याओं की सूचना टोल फ्री नंबर 18005701235 पर दी जा सकती है।

नगर आयुक्त ने कहा कि निगम छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए पूरी तत्परता से काम करेगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर स्वच्छता, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कामों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। बैठक में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, सहायक नगर आयुक्त चन्द्रदीप कुमार, सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. किरण कुमारी, अभियंता, नगर प्रबंधक, जोनल सुपरवाइजर, वार्ड सुपरवाइजर और शहर की प्रमुख छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.