तमिलनाडु : तमिलनाडु में उदयनिधि स्टालिन की सीएम विजय और अभिनेत्री त्रिशा पर कथित विवादित टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। कावेरी जल मुद्दे पर एक रैली के दौरान दिए गए उनके बयान के बाद तंजावुर पुलिस ने उनके खिलाफ छह धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए ले गई है। उदयनिधि स्टालिन ने रैली में सीएम विजय पर कावेरी जल मुद्दे को लेकर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया कि तमिलनाडु को कावेरी नदी का एक बूंद पानी भी नहीं मिला, जबकि सीएम इस मुद्दे पर लापरवाही बरत रहे हैं। अपने भाषण के दौरान उन्होंने अभिनेत्री त्रिशा के बारे में भी टिप्पणी की। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने “त्रिशा… त्रिशा” के नारे लगाए। उनके भाषण की अलग-अलग जगहों से कड़ी निंदा हुई है।
त्रिशा पर टिप्पणी को लेकर TVK महिला विंग की शिकायत
TVK महिला विंग ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उदयनिधि स्टालिन ने अभिनेत्री त्रिशा के बारे में दोहरे अर्थ वाली बातें कही हैं। शिकायत के बाद तंजावुर पुलिस ने उनके खिलाफ छह धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। तंजावुर ईस्ट पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर उन्हें मामले की जानकारी दे रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई के बीच नीलंकरई स्थित उनके घर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। DMK के कई कार्यकर्ता भी वहां जुट रहे हैं।
मद्रास हाईकोर्ट में गिरफ्तारी पर रोक की याचिका
उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग को लेकर मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई। अदालत ने याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति दी और जज ने दोपहर 12 बजे तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने का आदेश दिया। हालांकि, पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
कनिमोझी ने सरकार पर लगाए आरोप
DMK सांसद कनिमोझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि यदि सरकार विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन से व्यक्तिगत बदला लेना चाहती है तो उसे मामला दर्ज करने और अदालत को फैसला सुनाने देना चाहिए। कनिमोझी ने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी के रूप में DMK का सामना करने की हिम्मत न होने पर सरकार दबाव बनाने वाले तरीके अपना रही है, जो कानून के खिलाफ है। उन्होंने विपक्ष के नेता की गिरफ्तारी को बुधवार से शुरू हो रहे मानसून सत्र में उनकी भागीदारी रोकने की कोशिश बताते हुए इसकी आलोचना की।
TVK ने राज्यभर में विरोध का किया ऐलान
उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणी के विरोध में TVK ने पूरे तमिलनाडु में प्रदर्शन करने की घोषणा की है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने भी उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी की मांग की है। मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।




