रांची : राजधानी रांची में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला सुखदेवनगर थाना क्षेत्र का है, जहां झारखंड एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) में पदस्थापित जवान कमलेश के बंद घर में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर घर से 10 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना उस समय हुई जब ATS जवान कमलेश अपने परिवार के साथ शुक्रवार शाम अयोध्या दर्शन के लिए गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके बंद मकान को निशाना बनाया।
Read More : बोकारो बाल सुधार गृह में फ्लू का प्रकोप, 20 बच्चे संक्रमित, एक ICU में भर्ती
ताला और अलमारी तोड़कर की चोरी
कमलेश के बड़े भाई सोमनाथ राय ने बताया कि घर बंद होने का फायदा उठाकर चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद उन्होंने अलमारी का ताला भी तोड़ दिया और उसमें रखी नकदी, जेवरात तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन परिवार के अयोध्या से लौटने के बाद ही किया जा सकेगा।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
घटना की सूचना मिलने के बाद सुखदेवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि चोरी के मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर पुलिस की टीम काम कर रही है।




