नई दिल्ली : PM मोदी ने गुरुवार को फ्लाईदुबई के घायल भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की पत्नी और माता-पिता से फोन पर बात की। इस दौरान उन्होंने कैप्टन मच्छार की बहादुरी की सराहना की और कहा कि उनकी सूझबूझ और साहस से सैकड़ों लोगों की जान बचाने में मदद मिली। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने परिवार को बताया कि घायल पायलट को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए भारतीय मिशन काम कर रहे हैं। कैप्टन स्मित मच्छार का सऊदी अरब के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
PM मोदी ने कहा- देश को कैप्टन स्मित पर गर्व
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इससे पहले सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ की थी। उन्होंने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद दूसरों की जान बचाने के लिए उनके साहस और दृढ़ संकल्प की सराहना की। PM मोदी ने कहा कि कैप्टन मच्छार के साहस से सैकड़ों लोगों की जान बचाने और बड़ी त्रासदी को टालने में मदद मिली। उन्होंने कैप्टन के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
UPSC कार्यक्रम में भी किया कैप्टन स्मित का जिक्र
PM मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में UPSC के शताब्दी समारोह के दौरान भी कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारतीय कैप्टन ने घटना के दौरान धैर्य, सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। PM मोदी ने कहा कि इजरायल के PM ने इस घटना को 9/11 जैसी त्रासदी से जोड़ते हुए भारत के कैप्टन की भूमिका की सराहना की है। उन्होंने कैप्टन स्मित के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए लोगों से उनके लिए प्रार्थना करने की अपील की।
फ्लाईदुबई की फ्लाइट में क्या हुआ था?
फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही थी। विमान में 27 बच्चों समेत 174 यात्री सवार थे। उड़ान के दौरान कॉकपिट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर उनके सह-पायलट ने चाकू से हमला किया। घटना के बाद विमान की ऊंचाई तेजी से कम हुई और उसे सऊदी अरब के तबूक की ओर मोड़ दिया गया। रिपोर्टों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल कैप्टन स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की। इसके बाद यात्रियों और क्रू के सदस्यों ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू करने में मदद की। बाद में विमान को तबूक में सुरक्षित उतारा गया।
नेतन्याहू ने भी कैप्टन स्मित को बताया सच्चा नायक
इजरायल के PM बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन स्मित मच्छार की सराहना की। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद भारतीय पायलट ने कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिससे यात्रियों और चालक दल को हमलावर को काबू करने में मदद मिली। नेतन्याहू ने कैप्टन मच्छार को सच्चा नायक बताते हुए उनके जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की।
Breaking: “Today Israel’s PM said one Indian helped prevent a 9/11. Captain Smit’s bravery should fill every Indian with pride,” says Prime Minister Narendra Modi pic.twitter.com/wRMWfVnCzF
— Shashank Mattoo (@MattooShashank) October 1, 2026





