राँची: झारखंड की रेल अवसंरचना में एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को रांची के दो महत्वपूर्ण स्टेशनों पिस्का और मुरी का ऑनलाइन लोकापर्ण किया. अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत इन स्टेशनों का कायाकल्प न केवल यात्रियों के सफर को सुखद बनाने के लिए है, बल्कि यह राज्य की आर्थिक और सामाजिक प्रगति को नई गति देने की दिशा में एक बड़ा कदम है.
आनंद विहार की तर्ज पर पिस्का स्टेशन रांची के निवासियों, विशेषकर रातू रोड और उसके आसपास के लाखों लोगों के लिए अब रेल यात्रा का अनुभव पूरी तरह बदलने वाला है. पिस्का रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास दिल्ली के विश्वस्तरीय आनंद विहार स्टेशन की तर्ज पर किया गया है. बेहतर प्लेटफॉर्म, सुसज्जित वेटिंग एरिया और अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं ने यहां की तस्वीर बदल दी है यह बदलाव न केवल स्थानीय लोगों के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करेगा, बल्कि क्षेत्र में व्यापार और आवाजाही के नए द्वार भी खोलेगा.
मुरी जंक्शन का अनूठा स्वरूप
दूसरी ओर, मुरी जंक्शन को एक अनूठा स्वरूप प्रदान किया गया है. यहां की वास्तुकला में झारखंड की समृद्ध स्थानीय संस्कृति की झलक और आधुनिक इंजीनियरिंग का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है. भव्यता और सुगमता को प्राथमिकता देते हुए तैयार किया गया यह स्टेशन अब यात्रियों के लिए गौरव का विषय है. सुरक्षा और समयबद्धता के साथ-साथ मुरी स्टेशन अब उन विश्वस्तरीय मानकों को पूरा करता है, जो एक आधुनिक जंक्शन के लिए आवश्यक हैं. रेलवे स्टेशनों का यह कायाकल्प राज्य के औद्योगिक विकास, पर्यटन को बढ़ावा देने और आम लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में बड़ी भूमिका निभाएगा.
क्या है इन स्टेशनों की खासियत?
- स्टेशनों के भवनों को एक नया और बेहद खूबसूरत लुक (फेसाड) दिया गया है.
- प्रवेश द्वार और पोर्च को आधुनिक रूप दिया गया है, तथा पूरे परिसर को रेट्रो-रिफ्लेक्टिव लाइटिंग से जगमगाया गया है.
- स्टेशन तक पहुंचने वाले रास्तों, सर्कुलेटिंग एरिया और वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को पहले से काफी बेहतर और सुव्यवस्थित किया गया है.
- स्टेशनों के डिजाइन में वहां की स्थानीय कला, संस्कृति और विरासत को दर्शाने वाले कलात्मक तत्वों को शामिल किया गया है.
आधुनिक यात्री सुविधाएं - बेहतर फर्श, नए प्लेटफार्म शेल्टर, आधुनिक शौचालय और पर्याप्त संख्या में आरामदायक बेंच व पंखे लगाए गए हैं।
- यात्रियों की सुरक्षा के लिए आइपी -आधारित सीसीटीवी कैमरे और सटीक जानकारी के लिए अत्याधुनिक यात्री सूचना प्रणाली व इल्यूमिनेटेड साइनेज लगाए गए हैं.
- विशेष लाउंज व प्रतीक्षालय
- स्थानीय यात्रियों के लिए एक नया और आधुनिक प्रतीक्षालय बनाया गया है.
- लंबी दूरी के यात्रियों के लिए प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अलग-अलग वेटिंग रूम के साथ एक आधुनिक एग्जीक्यूटिव लाउंज भी तैयार किया गया है.
दिव्यांगजन व वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष व्यवस्था
- लिफ्ट, रैंप और सपोर्ट के लिए हैंड रेल.
- दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए टैक्टाइल पाथ .
- कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर और पेयजल बूथ.
- दिव्यांग अनुकूल शौचालय, आरक्षित पार्किंग और व्हीलचेयर की मुकम्मल व्यवस्था.
व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा - इन दोनों आधुनिक स्टेशनों के संचालन से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को एक नई गति मिलेगी, जिससे रांची रेल मंडल का यह प्रयास रेलवे को अधिक सुरक्षित और यात्री-केंद्रित बनाएगा.




