गंगटोक : सिक्किम के नामची जिले में एनएचपीसी तीस्ता स्टेज-6 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे के बाद पीएम मोदी ने मंगलवार को सीएम प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बातचीत की। प्रधानमंत्री ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए राज्य सरकार को केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य फंसे श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है।
सिक्किम सरकार के अनुसार, प्रधानमंत्री ने झोलंगी के समरढुंग स्थित निर्माणाधीन सुरंग की स्थिति की जानकारी ली और चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रभावित श्रमिकों और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार हर आवश्यक सहयोग देने के लिए तैयार है।
सीएम ने जताया प्रधानमंत्री का आभार
सीएम प्रेम सिंह तमांग ने प्रधानमंत्री के त्वरित हस्तक्षेप और निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के समर्थन से राज्य प्रशासन को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में राहत और बचाव कार्यों को आगे बढ़ाने में मजबूती मिली है। सीएम ने बताया कि वह स्वयं बचाव अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं और सभी संबंधित विभागों को राहत कार्यों में तेजी लाने, प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता करने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कई एजेंसियां युद्धस्तर पर जुटीं
सुरंग हादसे के बाद बचाव अभियान में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), सिक्किम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी, जिला प्रशासन, सिक्किम पुलिस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस, रंगपो प्राइमरी हेल्थ सेंटर की मेडिकल टीमें और स्थानीय स्वयंसेवक जुटे हुए हैं। इसके अलावा पाकयोंग और सिलीगुड़ी से विशेष बचाव दल भी अभियान में शामिल किए गए हैं। सीएम तमांग ने हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने बचाव कार्य में जुटे सभी कर्मियों के साहस, समर्पण और पेशेवर कार्यशैली की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे शांत रहें, अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचें तथा प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना करें। राज्य सरकार ने दोहराया कि बचाव अभियान को सुरक्षित और प्रभावी तरीके से पूरा करने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।




