नई दिल्ली : नेपाल के PM बालेन्द्र उर्फ बालेन शाह पद संभालने के बाद अपनी पहली विदेश यात्रा पर भारत आ सकते हैं। नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि PM शाह के भारत दौरे की संभावना इस साल के अंत से पहले है। काठमांडू में आयोजित एनडीटीवी समिट को संबोधित करते हुए स्वर्णिम वागले ने कहा कि यात्रा की तारीखों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि PM बालेन शाह का पहला विदेशी दौरा भारत का ही होगा। वित्त मंत्री ने कहा, “हमने PM के विदेश दौरों की चर्चा शुरू कर दी है। मुझे पूरा विश्वास है कि उनकी पहली विदेश यात्रा भारत की होगी। तारीख तय की जानी बाकी है, लेकिन मुझे पूरी उम्मीद है कि यह दौरा इसी साल के अंत से पहले होगा।”
Read More : नेपाल बाढ़ : 270 मौतें और 1000 से ज्यादा लापता, विदेश मंत्रालय ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
नेपाल में बाढ़ के बीच भारत की मदद
वागले का यह बयान ऐसे समय आया है जब नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई भीषण बाढ़ और तबाही से नेपाल जूझ रहा है। समाचार लिखे जाने तक इस त्रासदी में कम से कम 389 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1500 लोग अब भी लापता हैं। मलबे के तेज बहाव ने कई गांवों, सड़कों और पुलों को तबाह कर दिया है। संकट की इस घड़ी में भारत नेपाल की मदद के लिए सबसे पहले आगे आया। भारत ने सैन्य विमानों के जरिए पहले 10 टन मानवीय सहायता और आपदा राहत सामग्री भेजी। इसके बाद 37.5 टन की अतिरिक्त खेप भी एयरलिफ्ट की गई। विदेश मंत्री ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि भारत नेपाल की जनता के साथ एकजुटता से खड़ा है। उन्होंने भारत की ओर से हर संभव सहायता और मानवीय मदद की पेशकश भी की।
PM मोदी ने बालेन शाह से की थी बात
इससे पहले PM मोदी ने नेपाल के पीएम बालेन शाह से फोन पर बात कर बाढ़ में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया था। पीएम मोदी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में कहा, “प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से बात की और नेपाल में बाढ़ के कारण हुई जनहानि पर संवेदना व्यक्त की।” उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में भारत की जनता नेपाल में अपने बहनों और भाइयों के साथ एकजुटता से खड़ी है। PM ने बताया कि भारत की टीमें बचाव और राहत प्रयासों के लिए समन्वय कर रही हैं। पीएम मोदी ने कहा, “भारत नेपाल को हर संभव मानवीय सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है।”
नेपाल ने भारत की मदद के लिए जताया आभार
भारत से मिली त्वरित मदद के लिए नेपाल के PM बालेन शाह ने पीएम मोदी का शुक्रिया अदा किया था। पीएम मोदी की फोन पर हुई बातचीत और संवेदना के लिए आभार जताते हुए बालेन्द्र शाह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। उन्होंने कहा, “हम इस मुश्किल घड़ी में नेपाल के प्रति एकजुटता व्यक्त करने वाले आपके आत्मीय शब्दों और सहायता की उदार पेशकश की दिल से सराहना करते हैं।” बालेन शाह ने कहा कि सहयोग का यह भाव दोनों देशों के बीच दोस्ती के मजबूत रिश्तों को दिखाता है, जिन्हें नेपाल बहुत महत्व देता है।




