रांची : पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) के 50 लाख पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान को रविवार को नई गति मिली। रांची के बुढ़ीबागी, पिठोरिया स्थित न्यू ऑक्सफोर्ड स्कूल परिसर में विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों ने मिलकर 250 पौधों का वृक्षारोपण किया। इस दौरान छात्रों ने पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प भी लिया।
Read More : रांची जेल अदालत में 2 बंदियों को मिली रिहाई, स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित
पर्यावरण संरक्षण को बताया सामूहिक जिम्मेदारी
पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल वर्तमान की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि पासवा का 50 लाख पौधारोपण अभियान समाज के हर वर्ग को जोड़ने का प्रयास है और विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी इसे जनआंदोलन का स्वरूप दे रही है। उन्होंने न्यू ऑक्सफोर्ड स्कूल के प्राचार्य राशिद अंसारी, शिक्षकों और विद्यार्थियों को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि राज्यभर के शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के सहयोग से झारखंड को हरित और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने का लक्ष्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
विद्यार्थियों ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प
विद्यालय के प्राचार्य राशिद अंसारी ने कहा कि विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, ताकि छात्र केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने पौधों के संरक्षण, स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण तथा समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का सामूहिक संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में लगाए गए 250 पौधे पासवा के 50 लाख पौधारोपण अभियान को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे।




