दुबई : पाकिस्तान क्रिकेट टीम के स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की है। डोप टेस्ट में प्रतिबंधित पदार्थ मिलने के बाद नवाज ने नियमों के उल्लंघन को स्वीकार कर लिया है। इसके बाद ICC ने उन्हें तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया। हालांकि, निर्धारित पुनर्वास (रीहैबिलिटेशन) कार्यक्रम पूरा करने पर यह प्रतिबंध घटकर एक महीने रह जाएगा।
Read More : बहराइच में दर्दनाक हादसा, मगरमच्छ ने 12 वर्षीय मासूम को बनाया शिकार
32 वर्षीय मोहम्मद नवाज का डोप टेस्ट 7 फरवरी 2026 को श्रीलंका के कोलंबो में पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच खेले गए ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 मैच के बाद लिया गया था। जांच रिपोर्ट में कार्बोक्सी-टीएचसी (Carboxy-THC) नाम का प्रतिबंधित पदार्थ पाया गया, जिसे ICC की एंटी-डोपिंग संहिता के तहत नशीले पदार्थ की श्रेणी में रखा गया है।
प्रतियोगिता के बाहर किया था प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन
ICC के अनुसार, मोहम्मद नवाज ने एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन को स्वीकार किया और यह भी साबित किया कि प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन प्रतियोगिता के बाहर किया गया था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इसका उद्देश्य खेल प्रदर्शन को बेहतर बनाना नहीं था। इन्हीं तथ्यों को देखते हुए ICC ने उन्हें तीन महीने के लिए अयोग्य घोषित किया। यह प्रतिबंध 1 मई 2026 से प्रभावी माना गया, क्योंकि इसी दिन नवाज ने स्वैच्छिक अस्थायी निलंबन (Voluntary Provisional Suspension) स्वीकार किया था।
Pakistan spin-bowling all-rounder has been sanctioned under the ICC Anti-Doping Code.https://t.co/GzjhKhKOWa
— ICC (@ICC) July 17, 2026
रीहैब पूरा करने पर मिलेगी राहत
ICC ने बताया कि मोहम्मद नवाज ने सजा स्वीकार करने के साथ नशा मुक्ति और पुनर्वास कार्यक्रम में शामिल होने पर भी सहमति जताई है। यदि वह यह कार्यक्रम ICC की संतुष्टि के अनुसार पूरा कर लेते हैं, तो उनका प्रतिबंध तीन महीने के बजाय केवल एक महीने का रह जाएगा। फिलहाल ढाई महीने का निलंबन पूरा होने के बाद उनका अस्थायी निलंबन भी समाप्त कर दिया गया है।
इसके अलावा ICC एंटी-डोपिंग कोड के तहत 7 फरवरी 2026 को नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गए मैच से लेकर 1 मई 2026 तक मोहम्मद नवाज द्वारा खेले गए सभी मुकाबलों के व्यक्तिगत रिकॉर्ड रद्द कर दिए गए हैं। यानी इस अवधि के दौरान उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन को आधिकारिक रिकॉर्ड में मान्यता नहीं मिलेगी।
Read More : LTC पर नया आदेश, 21 दिन पहले टिकट जरूरी



