रांची।  चैंबर चुनाव को लेकर पी-21 टीम ने सोमवार को शहर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों में पदयात्रा कर व्यवसायियों एवं कारोबारियों से मुलाकात की और टीम के पक्ष में समर्थन की अपील की। टीम के सदस्यों ने सर्जना चौक, एसएन गांगुली रोड, सेवा सदन रोड समेत अन्य इलाकों में व्यवसायियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए मिलकर काम करने का भरोसा दिलाया। पदयात्रा के दौरान पी-21 टीम के सदस्यों ने व्यवसायियों से मुलाकात कर उनकी राय जानी और चुनाव में समर्थन की अपील की।
पूनम आनंद ने कहा कि महिला उद्यमियों और कारोबारियों की भागीदारी को चैंबर में और मजबूत करने की जरूरत है। छोटे-बड़े सभी व्यवसायियों को समान अवसर और सम्मान मिले, यही टीम की प्राथमिकता है। चैंबर को केवल चुनाव तक सीमित न रखकर पूरे कार्यकाल में व्यवसायियों के बीच सक्रिय रहने की जरूरत है।
मनोज कुमार मिश्रा ने कहा कि पी-21 टीम व्यवसायियों के बीच जाकर उनका समर्थन और आशीर्वाद मांग रही है। टीम का उद्देश्य व्यक्तिगत हित नहीं, बल्कि व्यापारिक समुदाय की सामूहिक समस्याओं को मजबूती से उठाना है। व्यवसायियों के विश्वास को जिम्मेदारी में बदलते हुए चैंबर को और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
टीम के प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि चैंबर को व्यापारियों की समस्याओं की आवाज मजबूती से उठाने वाला मंच बनाने की जरूरत है। व्यवसायियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों एवं प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा।
शैलेंद्र कुमार सुमन ने कहा कि शहर के व्यवसायियों को कई स्तरों पर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। बाजारों में मूलभूत सुविधाओं, यातायात, पार्किंग और प्रशासनिक स्तर पर आने वाली परेशानियों के समाधान के लिए प्रभावी पहल जरूरी है। पी-21 टीम व्यापारियों के साथ लगातार संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में काम करेगी।
पदयात्रा में अमित कुमार पाठक, अमित श्रीवास्तव, अमित सिंघानिया, अनीश सिंह, अरूप नंदी, देवनंदन उरांव, मनोज कुमार मिश्रा, मनोज कुमार सिंह, एमडी सलीम, पूनम आनंद, प्रमिला कुमारी, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, सजल श्रोथ, संतोष कुमार, संतोष उरांव, शैलेंद्र कुमार सुमन, शंकर शंभु राजेश, सुबोध जायसवाल, सुमन शर्मा, सुनील अग्रवाल, सूरज सेठ समेत अन्य लोग मौजूद थे।