देवघर : राजकीय श्रावणी मेला 2026 के 14वें दिन यानी अमावस्या तिथि पर बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह 04:18 बजे मंदिर का पट खुलते ही भक्तों द्वारा जलार्पण की शुरुआत हो गई. इस दौरान कांवरियों के ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा मेला क्षेत्र गूंज उठा. प्रशासन की ओर से रूट लाइन पर कड़ी सुरक्षा और कतार प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था बनाई रखी गई. टावर चौक पर कतार से बाहर निकलकर मंदिर जाने का प्रयास कर रहे कांवरियों को पुलिसकर्मियों ने तुरंत निर्धारित मार्ग पर भेजा. तेज धूप के कारण सोमवार की तुलना में आज शिवभक्तों की कतार थोड़ी कम देखने को मिली. हालांकि, इसके बावजूद कांवरिया पथ लगातार शिवभक्तों की आवाजाही से गुलजार रहा.
Read More : सीएम हेमंत सोरेन पर विवादित पोस्ट, पलामू में केस दर्ज
प्रशासन ने संभाली व्यवस्था, 13वें दिन 2.79 लाख ने किया जलार्पण
जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, मेले के 13वें दिन कुल 2,79,156 श्रद्धालुओं ने पवित्र शिवलिंग पर जलार्पण किया. इनमें 16,295 श्रद्धालुओं ने शीघ्र दर्शनम के जरिए, 1,51,875 ने बाह्य अर्घा से और 1,10,986 श्रद्धालुओं ने आंतरिक अर्घा के माध्यम से पूजा-अर्चना की. मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्यूआरटी (QRT), पुलिस बल और दंडाधिकारी चौबीसों घंटे तैनात रहे. प्रशासन की सतर्कता से श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन कराने का प्रयास लगातार जारी है.




