पलामू : पलामू व्यवहार न्यायालय परिसर से शनिवार को न्याय रथ को रवाना किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीराम शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर न्याय रथ को रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों में पहुंचेगा और पूरे अगस्त माह के दौरान लोगों को कानूनी अधिकारों तथा विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करेगा। न्याय रथ के माध्यम से नालसा, झालसा और केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कार्यक्रमों और योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति कानूनी जानकारी के अभाव में न्याय पाने से वंचित न रह जाए।
Read More : शुभम हत्याकांड पर लोहरदगा चैंबर का आक्रोश, जिला बंद और चक्का जाम का आह्वान
गांव-गांव पहुंचकर दी जाएगी कानूनी जानकारी
न्याय रथ को रवाना करने के बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीराम शर्मा ने कहा कि कानूनी जानकारियों और विधिक सेवाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए पूरे अगस्त माह तक जिले के विभिन्न प्रखंडों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांवों में जाकर विधि स्वयंसेवकों, पैनल अधिवक्ताओं और लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ताओं के माध्यम से लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी दी जाएगी।
शिकायतें सुनकर समाधान का होगा प्रयास
न्याय रथ के माध्यम से आम लोगों की समस्याएं और शिकायतें भी सुनी जाएंगी। संबंधित मामलों में उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के तहत समाधान और आवश्यक सहायता का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश संजीव कुमार दास, जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अखिलेश कुमार, राज कुमार मिश्रा, स्वेता ढींगरा, सीजेएम मनोरंजन कुमार, सुशीला सोरेंग, रविशंकर पाण्डेय, सौरभ कुमार गौतम, सोनम विश्नोई, गौरव खुराना, निर्भय प्रकाश, कमल प्रकाश, शम्भू महतो और रोजलिना बारा उपस्थित थे। इसके अलावा लीगल एड डिफेंस काउंसिल के चीफ अमिताभ चन्द्र सिंह, डिप्टी चीफ संतोष कुमार पांडेय, वीर विक्रम वक्स राय, पुष्कर राज, उत्तम कुमार, अधिवक्ता संजीव कुमार सिंह, अमित कुमार विश्वकर्मा, मयंक कुमार तथा पीएलवी शैलेन्द्र तिवारी सहित अन्य पीएलवी भी मौजूद थे।




