रांची : लोक आस्था के महापर्व छठ पर राजधानी रांची में श्री नीम करौली बाबा धाम ट्रस्ट की ओर से विशेष धार्मिक पहल की जा रही है। ट्रस्ट 15 और 16 नवंबर को राजभवन के पास स्थित हटनिया तालाब में श्रद्धालुओं के बीच 2,100 श्री हनुमान चालीसा की प्रतियां निःशुल्क वितरित करेगा। इस कार्यक्रम का आयोजन छठ के प्रथम अर्घ्य और प्रातःकालीन अर्घ्य के अवसर पर किया जाएगा। इसके लिए तालाब परिसर में ट्रस्ट की ओर से विशेष कैनोपी (स्टॉल) लगाई जाएगी, जहां श्रद्धालुओं को सम्मानपूर्वक हनुमान चालीसा भेंट की जाएगी।
Read More : जमशेदपुर में 15 नवंबर से भारी वाहनों पर रोक, 29 घंटे लागू रहेगा प्रतिबंध
छठ पर दो दिनों तक होगा निःशुल्क वितरण
ट्रस्ट के अनुसार, रविवार 15 नवंबर 2026 को प्रथम अर्घ्य और सोमवार 16 नवंबर 2026 को सुबह के अर्घ्य के दौरान यह कार्यक्रम आयोजित होगा। दोनों दिन श्रद्धालु हटनिया तालाब स्थित स्टॉल से निःशुल्क हनुमान चालीसा प्राप्त कर सकेंगे। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य छठ महापर्व के पवित्र और आध्यात्मिक वातावरण में भगवान श्री हनुमान की भक्ति, राम नाम के स्मरण और सनातन संस्कृति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
भक्ति और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की पहल
ट्रस्ट के पदाधिकारियों के मुताबिक, हनुमान चालीसा श्रद्धा, साहस, सेवा, समर्पण और सकारात्मक जीवन मूल्यों की प्रेरणा देती है। धार्मिक पर्व केवल आस्था की अभिव्यक्ति नहीं हैं, बल्कि समाज में सेवा, सद्भाव, एकता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का अवसर भी हैं। इसी भावना के साथ ट्रस्ट भविष्य में भी धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जनसेवा के कार्य जारी रखेगा।
बैठक में ट्रस्ट के पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
इस कार्यक्रम को लेकर आयोजित बैठक में ट्रस्ट के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। इनमें अध्यक्ष श्री मनीष कुमार, उपाध्यक्ष श्री विश्वजीत पॉल, सचिव श्री महेंद्र सिंह, संयुक्त सचिव श्री राजेश गुप्ता और कोषाध्यक्ष श्री आनंद कुमार शामिल थे। इसके अलावा सह-कोषाध्यक्ष श्री अविनाश कुमार मिश्रा, मीडिया प्रभारी श्री दीपेश कुमार निराला, सोशल मीडिया प्रभारी श्री धीरेंद्र मिश्रा तथा सदस्य श्री अभय कुमार तिवारी, श्री आलोक कुमार राय, श्री जयंत प्रसाद साहू, श्री राकेश नारायण, श्री अश्विनी कुमार, श्री अभय कुमार और श्री संजू कुमार मौजूद रहे।



