नई दिल्ली : आजादी के 79 वर्ष के अवसर पर दिल्ली में आयोजित NCC Cyclothon 2026 के तहत 79 साइकिलिस्टों ने 79 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी की। फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम से हुआ।
Read More : सावन का पहला सोमवार बेहद खास, जानें पूजा और अभिषेक की विधि
कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, 18 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन और भारत के एकमात्र ओलंपिक टेनिस पदक विजेता लिएंडर पेस, पद्म विभूषण से सम्मानित बॉक्सर मैरी कॉम तथा एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स शामिल हुए।
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान
इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने युवाओं से विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने विकसित भारत का जो लक्ष्य रखा है, भारत कैसा विकसित राष्ट्र बनेगा, यह तय करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा दी है। संजय सेठ ने कहा कि एनसीसी के युवा कैडेट्स और साइकिलिस्टों का उत्साह इस बात का प्रतीक है कि देश का युवा अब केवल सपने नहीं देख रहा, बल्कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी भी निभा रहा है।

दिल्ली के प्रमुख मार्गों से गुजरी 79 किलोमीटर की यात्रा
मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम से शुरू हुई साइकिल यात्रा दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा तिलक मार्ग, भैरों मार्ग, अक्षरधाम, शांति स्तूप, मथुरा रोड, लोधी रोड, जोरबाग, एम्स, हौज खास, कुतुब मीनार, छतरपुर और खुशबू चौक सहित विभिन्न स्थानों से होकर आगे बढ़ी।
79 किलोमीटर की यह यात्रा केवल एक साइक्लोथॉन तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसके माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी से पूरे देश को स्वस्थ, सशक्त और ऊर्जावान भारत के निर्माण का संदेश दिया गया। आयोजन के दौरान स्वस्थ शरीर को स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव बताया गया। साथ ही फिट रहने को केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का भी महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया।





