रांची : रांची में सोमवार को राष्ट्रीय OBC मोर्चा, झारखंड की बैठक में जाति जनगणना के पहले चरण में OBC कॉलम शामिल नहीं किए जाने के विरोध में तीन चरणों में राज्यव्यापी आंदोलन की घोषणा की गई। प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने इसे 52% OBC आबादी के साथ विश्वासघात बताया। बैठक पटेल भवन, हरमू, रांची में आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता अवकाशप्राप्त RIMS अधीक्षक डॉ. विवेक कश्यप ने की।
Read More : ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजी बाबा नगरी देवघर, अंतिम सोमवारी पर उमड़े लाखों शिवभक्त
तीन चरणों में होगा आंदोलन
मोर्चा के मुताबिक, आंदोलन के पहले चरण में राज्य के सभी जिलों में OBC समाज के प्रतिनिधि काला रिबन पहनकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही केंद्र और राज्य के वरिष्ठ नेताओं, झारखंड के OBC सांसदों और विधायकों तथा प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। दूसरे चरण में रांची स्थित राज्यपाल कार्यालय यानी राजभवन के समक्ष एक दिवसीय उपवास किया जाएगा। तीसरे चरण में दिल्ली में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, प्रधानमंत्री कार्यालय, गृह मंत्रालय और महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त को संयुक्त ज्ञापन सौंपने के लिए बड़ा प्रतिनिधिमंडल प्रदर्शन करेगा। बैठक में जगदीश साहू ने राज्य के सभी जिलों में जागरूकता बढ़ाने और बड़े जनसमूह को आंदोलन से जोड़ने का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव को बैठक में सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। मोर्चा ने आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए 15 सदस्यीय संघर्ष समिति का भी गठन किया है।
15 सदस्यीय संघर्ष समिति गठित
संघर्ष समिति में राजेश कुमार गुप्ता, जगदीश साहू, उर्मिला यादव, मनीष चंद्रवंशी, काशी प्रसाद अग्रवाल, अरुण वर्मा, डॉ. प्रमोद ठाकुर, राम अवतार कश्यप, कमलेश चौधरी, के.पी. यादव, अधिवक्ता हरेंद्र कुमार, उत्कर्ष कुमार, विवेक कुमार, रविंद्र लाल यादव और डॉ. शिवानंद काशी को शामिल किया गया है। बैठक में किशोर कुमार वर्मा, चंद्रवंशी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष, इंजीनियर प्रदीप कुमार, सलोनी देवी, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सुनील कुमार, अशोक कुमार अग्रवाल, ललित नारायण साहू, राजेंद्र मंडल सहित अन्य नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह जानकारी राष्ट्रीय OBC मोर्चा, झारखंड के मीडिया प्रभारी अशोक कुमार कुशवाहा की ओर से जारी की गई।




