रांची : रांची नगर निगम द्वारा अपर बाजार और आसपास के क्षेत्रों में काम कर रहे ट्रांसपोर्टर्स को व्यावसायिक गतिविधियों को रोकने का नोटिस जारी किया गया है। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (RGTA) के प्रवक्ता सुनील सिंह चौहान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यदि सरकार वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था करती है, तो ट्रांसपोर्टर्स स्वेच्छा से अपना व्यवसाय शहर से बाहर ले जाने को तैयार हैं।
Read More : JPSC-JSSC आंदोलन स्थल पहुंचे SDM और ADM, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण और आवंटन पर उठाए सवाल
एसोसिएशन का कहना है कि वे वर्षों से ट्रांसपोर्ट नगर में स्थान देने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उद्घाटन के एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आवंटन प्रक्रिया की कोई आधिकारिक जानकारी सदस्यों को नहीं दी गई है। RGTA के अनुसार, निर्मित ट्रांसपोर्ट नगर में केवल 14 कार्यालय और 2 गोदाम बनाए गए हैं। एसोसिएशन ने मांग रखी है कि सरकार उन्हें खुले स्थान पर कार्यालय व गोदाम बनाने की अनुमति दे या निर्मित दो बड़े गोदामों का आवश्यकतानुसार विभाजन कर ट्रांसपोर्टर्स को सौंपे, जिसका उचित किराया देने को वे तैयार हैं।
शहर के व्यापार और महंगाई पर असर की चेतावनी
एसोसिएशन ने सचेत किया है कि खुदरा माल का परिवहन करने वाले छोटे ट्रांसपोर्टर्स को पूरी तरह शहर से बाहर भेजने से रांची समेत पूरे झारखंड का व्यापार प्रभावित हो सकता है और दैनिक उपयोग की वस्तुएं महंगी हो सकती हैं। इसलिए बड़े ट्रांसपोर्टर्स को ट्रांसपोर्ट नगर में स्थानांतरित करने के साथ-साथ छोटे ट्रांसपोर्टर्स के लिए शहर के भीतर भी नगर निगम द्वारा कोई उपयुक्त वैकल्पिक स्थान चिन्हित किया जाना आवश्यक है।




