रांची : रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शनिवार को धुर्वा और तुपुदाना अंचल कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में कर्मचारियों की मौजूदगी, कामकाज, नागरिक सुविधाओं और लोगों के आवेदनों के निपटारे की स्थिति देखी। तुपुदाना अंचल कार्यालय में कुछ शाखाओं के कर्मचारी बिना अनुमति गैरहाजिर मिले। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित कर्मचारियों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
Read More : रांची के मुक्ति धाम में मनमानी वसूली पर लगेगी रोक, नगर आयुक्त ने दिए निर्देश
दरअसल, रांची नगर निगम शहर के अलग-अलग इलाकों में अंचल कार्यालय चला रहा है। इन कार्यालयों का मकसद लोगों को उनके घर के नजदीक ही निगम की सेवाएं देना है, ताकि छोटे-छोटे कामों के लिए उन्हें निगम मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े। इसी व्यवस्था का जायजा लेने नगर आयुक्त निगम के अधिकारियों के साथ धुर्वा और तुपुदाना पहुंचे थे।
धुर्वा अंचल कार्यालय में आवेदनों की ली जानकारी
सेक्टर-3 स्थित धुर्वा मार्केट के पास बने अंचल कार्यालय में नगर आयुक्त ने वहां आने वाले लोगों की संख्या, उपलब्ध सेवाओं और आवेदनों के निपटारे की जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि इलाके के लोग नगर निगम से जुड़े अलग-अलग कामों के लिए यहां पहुंचते हैं और उनके आवेदनों का तय समय के भीतर निपटारा किया जा रहा है। इस पर नगर आयुक्त ने कहा कि लोगों को बेवजह इंतजार नहीं करना पड़े। हर आवेदन को पारदर्शी तरीके से और तय समय-सीमा के भीतर निपटाया जाए।
बिना अनुमति गायब मिले कर्मचारी, नोटिस जारी करने का निर्देश
तुपुदाना अंचल कार्यालय के निरीक्षण में कुछ शाखाओं के कर्मचारी बिना पहले से अनुमति लिए गायब मिले। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ तुरंत कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि अंचल कार्यालयों में कर्मचारियों की नियमित मौजूदगी जरूरी है। सभी कर्मियों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी, ताकि काम के लिए पहुंचने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी लिया जायजा
नगर आयुक्त ने तुपुदाना अंचल कार्यालय भवन में चल रहे अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी निरीक्षण किया। यहां मौजूद विशेषज्ञ डॉक्टर से उन्होंने मरीजों की संख्या, इलाज की सुविधाओं और स्वास्थ्य केंद्र की जरूरतों के बारे में जानकारी ली। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से चलाने पर जोर दिया।
पेयजल, शौचालय और बैठने की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश
नगर आयुक्त ने सभी अंचल कार्यालयों में पेयजल, शौचालय, बैठने की जगह और दूसरी जरूरी सुविधाएं ठीक रखने को कहा। भवन में जरूरी मरम्मत और अन्य सिविल कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश भी दिया। इसके अलावा, लोगों से मिलने वाले आवेदनों का तय समय-सीमा में निपटारा करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि अंचल कार्यालयों तक लोगों को आसानी से पहुंचाने के लिए मुख्य सड़कों और आसपास के इलाकों में साफ-साफ दिशा बताने वाले बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही, इन कार्यालयों में मिलने वाली नगर निगम की सेवाओं, आवेदन करने के तरीके और कार्यालयों के पते का प्रचार-प्रसार किया जाए। इससे ज्यादा से ज्यादा लोग अपने नजदीकी अंचल कार्यालय से ही निगम की सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
नगर आयुक्त ने कहा कि अंचल कार्यालय खोलने का मकसद नगर निगम की सेवाओं को लोगों के दरवाजे तक पहुंचाना और मुख्यालय पर उनकी निर्भरता कम करना है। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी लोगों के प्रति संवेदनशील रहें और अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सेवाओं को आसान, सुलभ और बेहतर बनाएं। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, नगर प्रबंधक और अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद थे।



