रांची : शहर के मुक्ति धामों में अंतिम संस्कार के नाम पर मनमाने पैसे वसूलने की शिकायतों को नगर निगम ने गंभीरता से लिया है। अब इस पर रोक लगाने के लिए पारदर्शी व्यवस्था बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। आज यानी शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने धुर्वा सीटीओ रोड स्थित स्वर्ण रेखा शांति मुक्ति धाम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई से लेकर बिजली, रोशनी और दूसरी जरूरी सुविधाओं का जायजा लिया।
Read More : PM मोदी ने दी दिवाली की शुभकामनाएं, कही ये बड़ी बात
नगर आयुक्त वार्ड संख्या 39 में स्थित मुक्ति धाम पहुंचे और वहां मौजूद व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने अंतिम संस्कार स्थल, प्रतीक्षालय, चेंजिंग रूम और परिसर की साफ-सफाई का हाल जाना। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि मुक्ति धाम में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मुक्ति धाम में सफाई से लेकर रोशनी तक की व्यवस्था सुधारने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पूरे परिसर की अच्छी तरह सफाई कराने को कहा। साथ ही पेवर का काम कराने, लोगों की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम करने और हाई मास्ट लाइट लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने परिसर में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को भी जल्द ठीक कराने को कहा। इसके अलावा मुक्ति धाम से सटी नदी की सफाई कराने और वहां जरूरी व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश भी दिया।
अंतिम संस्कार के नाम पर मनमानी वसूली की शिकायत, कमिटी होगी गठित
मुक्ति धाम के निरीक्षण के दौरान सबसे अहम मुद्दा अंतिम संस्कार के नाम पर मनमाने पैसे वसूलने की शिकायतों का रहा। नगर आयुक्त ने इन शिकायतों को गंभीरता से लिया और कहा कि ऐसी वसूली पर रोक लगाने के लिए साफ और पारदर्शी व्यवस्था बनाना जरूरी है। इसके लिए उन्होंने एक कमिटी गठित करने का निर्देश दिया है। अगले सप्ताह इस मुद्दे पर बैठक भी होगी। बैठक में मिलने वाले सुझावों के आधार पर ठोस फैसला लिया जाएगा। इसके बाद प्रस्ताव को बोर्ड की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
सभी मुक्ति धामों के लिए बनेगी बेहतर व्यवस्था
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि शहर के सभी मुक्ति धामों में एक जैसी सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित व्यवस्था होनी चाहिए। इसके लिए लंबे समय की योजना बनाने की जरूरत है, ताकि किसी परिवार को अपने परिजन के अंतिम संस्कार के समय बेवजह की परेशानी न झेलनी पड़े। उन्होंने कहा कि शोक की घड़ी में लोगों को किसी तरह की असुविधा, अनावश्यक परेशानी या आर्थिक शोषण का सामना नहीं करना चाहिए। रांची नगर निगम की कोशिश है कि शहर के सभी मुक्ति धामों में साफ-सफाई, रोशनी, जरूरी सुविधाओं और संचालन की व्यवस्था बेहतर हो। हर नागरिक को सम्मान के साथ जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 39 की पार्षद, सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, नगर प्रबंधक और नगर निगम के अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद थे।



