मोराबादी वेंडर मार्केट कल रहेगा बंद, दुकानदारों ने किया ऐलान

रांची : रांची के मोराबादी वेंडर मार्केट को दुकानदार संघ ने 24 घंटे के लिए बंद रखने का ऐलान किया है। संघ ने रांची नगर निगम पर अवैध रूप से पैसे की मांग करने, पैसा नहीं देने पर दुकानदारों को नोटिस जारी करने और मार्केट

मोराबादी वेंडर मार्केट

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : रांची के मोराबादी वेंडर मार्केट को दुकानदार संघ ने 24 घंटे के लिए बंद रखने का ऐलान किया है। संघ ने रांची नगर निगम पर अवैध रूप से पैसे की मांग करने, पैसा नहीं देने पर दुकानदारों को नोटिस जारी करने और मार्केट में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया है। मार्केट में बैठक के बाद संघ के अध्यक्ष डॉ. रौशन कुमार साहू ने बंद की घोषणा की।

संघ के अनुसार, दुकानदार कल अपनी-अपनी दुकानें बंद रखकर नगर निगम के खिलाफ आंदोलन करेंगे। बैठक में अवैध वसूली, नोटिस जारी करने, सफाई, पानी, शौचालय, बिजली, किराया और सुरक्षा समेत कई मुद्दों को लेकर विरोध जताने का निर्णय लिया गया।

नगर निगम पर अवैध वसूली का आरोप

दुकानदार संघ का आरोप है कि नगर निगम के लोग मार्केट में अवैध वसूली करते हैं। संघ ने कहा कि नगर निगम का गार्ड भी दिनभर अवैध वसूली करता है और पैसे नहीं देने पर दुकानदारों को नोटिस दे दिया जाता है।

संघ ने सिगरेट बेचने के नाम पर भयादोहन करने और बिना जब्ती सूची के सामान जब्त करने का भी आरोप लगाया है। दुकानदारों ने इन मामलों में कार्रवाई की मांग की है।

सफाई, पानी और शौचालय की व्यवस्था का मुद्दा

दुकानदार संघ ने कहा कि मार्केट में अभी तक कचरा फेंकने के लिए कूड़ेदान नहीं बनाया गया है। पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने और शौचालय की नियमित सफाई नहीं होने की शिकायत भी की गई है।

संघ के अनुसार, शौचालय की बदबू से लोग परेशान हैं। बार-बार कहने के बाद भी बड़े सेफ्टी टैंक का निर्माण नहीं किया गया है, जिसके बार-बार भर जाने की समस्या बनी रहती है। इसके अलावा बर्तन धोने के लिए जगह का निर्माण करने की भी मांग की गई है।

बिजली और मार्केट की सुविधाओं को लेकर मांग

दुकानदारों ने कहा कि प्रतिदिन बिजली की समस्याओं पर नगर निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। पूरे मार्केट में मजबूत बिजली वायरिंग कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

इसके अलावा मार्केट की खराब स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त करने, फूड मार्केट की तरह बैठकर खाने के लिए शेड और बेंच का निर्माण करने तथा दिन के लिए अतिरिक्त महिला गार्ड और रात के लिए अतिरिक्त गार्ड नियुक्त करने की मांग की गई है।

किराया बढ़ाने और दुकान की जगह का विरोध

दुकानदार संघ ने मासिक किराया 500 रुपये से बढ़ाने का भी विरोध किया है। संघ ने कहा कि दुकान संख्या एफ-1 से एफ-52 तक के दुकानदारों को कम जगह में ठूंस दिया गया है। दुकानदारों ने इस समस्या के समाधान की मांग की है।

बैठक को संबोधित करते हुए मार्केट के अध्यक्ष डॉ. रौशन कुमार साहू ने कहा कि दुकान एलॉटमेंट के बाद नगर निगम का मार्केट के प्रति रवैया बेहद उदासीन रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम के पदाधिकारियों की ओर से भयादोहन किया जाता है और अवैध रूप से पैसे की मांग की जाती है।

डॉ. रौशन कुमार साहू ने कहा कि दुकानदार अपने हक के लिए अपनी दुकानें बंद करके आंदोलन करेंगे। इन्हीं सभी मांगों को लेकर 24 घंटे के लिए मोराबादी वेंडर मार्केट बंद रखने की घोषणा की गई है।

बैठक में डॉ. रौशन कुमार साहू, महेश साहू, राजेश कपूर, लक्ष्मी साहू, प्रथम महतो, दीपक कुमार, प्रताप सिंह, सुमित चटर्जी, प्रकाश साहू, प्रभु राम, भीम नारायण दास, जितेन वर्मा, अरुण वर्मा, शिव कु साहू, मंतोष कु साव, राजकुमार वर्मा, लालू राम वर्मा, राकेश पांडे सहित बड़ी संख्या में दुकानदार मौजूद थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *