रांची : बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और मानसून की सक्रियता के चलते मंगलवार को पूरे झारखंड में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाओं (40 से 50 किमी/घंटा) और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश (7 से 20 सेमी और कुछ स्थानों पर 20 सेमी से अधिक) को लेकर ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। वहीं गढ़वा, पलामू और लातेहार में ‘ऑरेंज अलर्ट’ तथा रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, बोकारो, धनबाद, कोडरमा और गिरिडीह में ‘यलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
Read More : CGL परीक्षा रद्द होने के बाद प्रोजेक्ट भवन पर धरना, चयनित अभ्यर्थियों ने की न्याय की मांग
धनबाद में हादसा और पंचेत डैम के खुले फाटक
धनबाद के जय प्रकाश नगर में लगातार हो रही बारिश की वजह से एक मकान की बाउंड्री वॉल गिर गई, जिससे उसके मलबे में कई मोटरसाइकिलें दब गईं। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों और स्कूल कर्मचारियों ने मलबा हटाकर रास्ता साफ किया। उधर, लगातार हो रही बारिश के कारण पंचेत डैम का जलस्तर काफी बढ़ गया है, जिसके बाद डैम के चार फाटक खोलकर प्रतिदिन लगभग 48 हजार एकड़ फीट पानी छोड़ा जा रहा है। इसके चलते पश्चिम बंगाल के निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसके अलावा चांडिल डैम के भी 13 फाटक खोले गए हैं।
धालभूमगढ़ में दर्ज हुई सबसे अधिक बारिश
हालिया आंकड़ों के अनुसार पूर्वी सिंहभूम के धालभूमगढ़ में सर्वाधिक 90.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा मंजारी, मुसाबनी और जगन्नाथपुर में 7-7 सेमी बारिश हुई है। राज्य में कोडरमा (42 मिमी), बोकारो (41 मिमी) और जमशेदपुर (16 मिमी) में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।
23 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 19 अगस्त को भी चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ में रेड अलर्ट तथा गढ़वा, पलामू और लातेहार में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। 20 से 22 अगस्त के दौरान बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आएगी, लेकिन गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ती रहेंगी। 23 अगस्त से राज्य में एक बार फिर हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। हालांकि, 1 जून से 17 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार झारखंड में अभी भी सामान्य से 18% कम बारिश हुई है, जबकि पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 35% अधिक बारिश दर्ज की गई है।








