रांची : झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिससे रविवार को राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 18 से 20 जिलों में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में तेज वर्षा के साथ गरज-चमक और वज्रपात की आशंका भी जताई गई है।
Read More : डूरंड कप 2026 : मोरहाबादी में आज से रूट डायवर्जन, जानें पार्किंग व्यवस्था
रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़, देवघर, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज, जामताड़ा और गोड्डा समेत कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी के निम्न दबाव का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का प्रभाव झारखंड के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। इसके कारण 25 से 31 जुलाई तक राज्य में लगातार बारिश होने की संभावना बनी हुई है। राजधानी रांची में 28 जुलाई तक बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान है। 27 जुलाई को रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में वज्रपात के साथ भारी बारिश हो सकती है। वहीं 28 जुलाई को भी रांची और आसपास के जिलों में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में विशेष रूप से भारी बारिश और वज्रपात का खतरा बताया गया है। इस बीच लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के बहेराटोली गांव में वज्रपात की चपेट में आने से 70 वर्षीय सीरिल लकड़ा की मौत हो गई।
तापमान में गिरावट, AQI बेहतर लेकिन बारिश अब भी सामान्य से कम
लगातार बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में मौसम सुहावना बना रहेगा। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम और हजारीबाग में अधिकतम तापमान अपेक्षाकृत कम रहने से उमस में भी कमी आने की संभावना है। धनबाद, बोकारो, देवघर, साहिबगंज और पाकुड़ में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, जबकि रांची, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और लोहरदगा में यह 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बारिश वाले क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस कम रह सकता है।
वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में भी सुधार की संभावना है। रांची में AQI 35 से 50, जमशेदपुर में 40 से 60, धनबाद में 60 से 80 और बोकारो में 55 से 75 के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि, राज्य में एक जून से 25 जुलाई तक सामान्य से 27 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में 444.3 मिमी के मुकाबले केवल 323.4 मिमी वर्षा हुई है। चतरा, देवघर, गढ़वा, पाकुड़, पलामू, रामगढ़, गिरिडीह, कोडरमा और गोड्डा में अब भी वर्षा की स्थिति सबसे कमजोर बनी हुई है।




