रांची : एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के 135वें संस्करण का आगाज शनिवार को रांची में ट्रॉफी शोकेस समारोह के साथ हुआ। दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन स्थित केरकेट्टा ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में डूरंड कप, प्रेसिडेंट्स कप और शिमला ट्रॉफी का भव्य प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छऊ और मुखौटा नृत्य ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।
Read More : रूस में मिली डॉ. अनन्य नमन केशरी को एमबीबीएस की डिग्री, पिठोरिया में खुशी की लहर
कार्यक्रम में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि झारखंड लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी कर अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि डूरंड कप जैसे ऐतिहासिक टूर्नामेंट का रांची में आयोजन राज्य के लिए गर्व की बात है और इससे राज्य के युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
सेना ने बताया परंपरा और खेल भावना का प्रतीक
आईबीजी-23 के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल सज्जन सिंह मान ने कहा कि डूरंड कप भारतीय सेना की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा आयोजन है। उन्होंने इसे अनुशासन, समर्पण और खेल भावना का प्रतीक बताते हुए फुटबॉल प्रेमियों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की। उन्होंने बताया कि वर्ष 1888 में शिमला के अन्नाडेल मैदान से शुरू हुआ यह टूर्नामेंट आज भारतीय फुटबॉल की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में शामिल है। वर्ष 2019 से इसका आयोजन बहु-शहर प्रारूप में किया जा रहा है।
Read More : झारखंड प्रभारी के. राजू 20 से 23 जुलाई 2026 तक झारखंड के चार दिवसीय दौरे पर रहेंगे
26 जुलाई से रांची में होंगे सात मुकाबले
इस वर्ष डूरंड कप के मुकाबले देश के छह शहरों में खेले जाएंगे, जिनमें रांची भी प्रमुख मेजबान शहर है। बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 26 जुलाई से 16 अगस्त तक ग्रुप-सी के छह मुकाबले और एक क्वार्टर फाइनल सहित कुल सात मैच खेले जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, सभी मैचों में दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
रांची में ग्रुप-सी के मुकाबलों का कार्यक्रम :
- 26 जुलाई : जमशेदपुर एफसी बनाम डिफेंडर्स एफसी – शाम 5 बजे
- 29 जुलाई : इंडियन एयर फोर्स बनाम डिफेंडर्स एफसी – शाम 7 बजे
- 4 अगस्त : जमशेदपुर एफसी बनाम एससी दिल्ली – शाम 4 बजे
- 7 अगस्त : एससी दिल्ली बनाम डिफेंडर्स एफसी – शाम 4 बजे
- 10 अगस्त : एससी दिल्ली बनाम इंडियन एयर फोर्स – शाम 7 बजे
- 13 अगस्त : जमशेदपुर एफसी बनाम इंडियन एयर फोर्स – शाम 4 बजे
- 16 अगस्त : क्वार्टर फाइनल – शाम 4 बजे




