पटना : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का माहौल अब धीरे-धीरे गर्म होने लगा है। चुनावी मैदान में उतर चुके उम्मीदवारों के साथ-साथ उनके समर्थन में बड़े नेता भी लगातार लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। सोमवार को ग्रामीण विकास और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार भी एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में क्षेत्र की गलियों और मोहल्लों में पहुंचे। मंत्री श्रवण कुमार ने पटना के प्रगति नगर इलाके में मदर टेरेसा स्कूल के पास सिपारा क्षेत्र में लोगों से मुलाकात की। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से बातचीत की और एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में वोट देने की अपील की। चुनाव प्रचार के दौरान मंत्री कहीं दरवाजे पर खड़े होकर लोगों से बात करते दिखे तो कहीं स्थानीय लोगों के बीच बैठकर क्षेत्र और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते नजर आए।
लोगों के बीच पहुंचे तो शुरू हुआ संवाद
चुनावी प्रचार का यह अभियान सिर्फ वोट मांगने तक सीमित नहीं रहा। श्रवण कुमार ने स्थानीय लोगों से सीधे बातचीत की और उनकी बात सुनी। उन्होंने लोगों को एनडीए सरकार की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से कहा कि बांकीपुर के विकास और क्षेत्र में चल रहे कामों को आगे बढ़ाने के लिए एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को अपना समर्थन दें। मंत्री ने मतदाताओं से अपील की कि वे चुनाव में एनडीए के पक्ष में मतदान करें।
कार्यकर्ताओं ने भी संभाला मोर्चा
श्रवण कुमार के क्षेत्र में पहुंचते ही स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी उत्साह दिखा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके साथ प्रचार अभियान में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने भी घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया और एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में वोट देने की अपील की। इलाके में मंत्री के साथ चल रहे कार्यकर्ताओं की टोली लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अपने-अपने स्तर पर लोगों से बातचीत कर एनडीए सरकार के कामकाज और विकास योजनाओं की जानकारी साझा की।
कई विधायक और स्थानीय नेता रहे साथ
प्रचार अभियान में मसौढ़ी के विधायक अरुण मांझी और करहगर के विधायक वशिष्ठ सिंह भी मौजूद रहे। इनके अलावा चिपुरा के मुखिया सतीश कुमार, वार्ड 30 के पार्षद प्रतिनिधि दिलीप पटेल, वार्ड 30 के प्रभारी शत्रुघ्न पासवान और बंटी चंद्रवंशी ने भी अभियान में हिस्सा लिया। सुजीत पटेल, वार्ड 30 के सेक्टर अध्यक्ष सुरेंद्र पटेल, गिरेंद्र कुमार, रविकांत कुमार, सोनू कुमार, रविराज पटेल, गुड्डू पटेल, रंजीत पटेल उर्फ टप्पू कुमार और उमेश सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी प्रचार अभियान में जुटे रहे।



