रांची : DC मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर आगामी करमा पर्व 2026 की तैयारियों को लेकर प्रमुख सरना समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। ADM (विधि-व्यवस्था) धनंजय और सदर CO रांची कुमार रजत ने संयुक्त रूप से बैठक की। बैठक समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) के कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई। इसमें करमा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न कराने के लिए तैयारियों और आपसी समन्वय पर चर्चा हुई।
Read More : बैंक हड़ताल : झारखंड में 30 हजार कर्मचारी सड़क पर, कामकाज प्रभावित
सरना समितियों ने रखीं कई मांगें
बैठक में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की, आदिवासी समन्वय समिति के संयोजक लक्ष्मी नारायण मुंडा, केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा और केंद्रीय सरना संघर्ष समिति के अध्यक्ष शिवा कच्छप समेत कई प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा जगलाल हेम्ब्रम, ज्योत्सना करकेट्टा, केंद्रीय घुमक्कड़िया करम टोली चौक छोटा नागपुर सरना समिति नामकुम रांची के सचिव तथा जिले की अन्य प्रमुख सरना समितियों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए। प्रतिनिधियों ने करमा पर्व को सुव्यवस्थित और भव्य तरीके से आयोजित करने के लिए कई मांगें रखीं। उन्होंने करमा पूजा स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने और बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने का अनुरोध किया।
अखड़ा में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग
सरना समितियों के प्रतिनिधियों ने करमा पर्व के दौरान अखड़ा में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की। साथ ही पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और शराबबंदी लागू करने का अनुरोध किया गया। प्रतिनिधियों ने करमा करने वाले श्रद्धालुओं को साड़ी और धोती उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
अधिकारियों ने दिया सहयोग का आश्वासन
अधिकारियों ने सभी प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने करमा पर्व की तैयारियों को लेकर आवश्यक सहयोग और बेहतर समन्वय का आश्वासन दिया। बैठक में पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। प्रशासन के अनुसार, करमा पर्व की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में यह बैठक महत्वपूर्ण कदम है।





