नई दिल्ली : संसद के मॉनसून सत्र के अंतिम दिन भी दोनों सदनों में भारी हंगामा देखने को मिला, जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया. 19 बैठकों वाले इस पूरे सत्र के दौरान राम मंदिर चढ़ावा चोरी, जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन और पुलिस कार्रवाई जैसे मुद्दों को लेकर सरकार व विपक्ष के बीच तीखा गतिरोध बना रहा. हंगामे के बीच ही कई महत्वपूर्ण विधेयक पारित किए गए. अंतिम दिन सदन की कार्यवाही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई वरिष्ठ मंत्री उपस्थित रहे.
‘विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं, संसद में हो रही नौटंकी’: कंगना रनौत
सदन की कार्यवाही स्थगित होने और विपक्ष के लगातार विरोध प्रदर्शन पर भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कड़ा ऐतराज जताया. उन्होंने कहा, “राहुल गांधी एक तरफ गृह मंत्रालय से सवाल पूछते हैं और दूसरी तरफ कहते हैं कि वे बोलने नहीं देंगे. जब चर्चा का मौका मिलता है, तो वे भाग जाते हैं. विकास, देश की तरक्की, अर्थव्यवस्था या रक्षा से जुड़े मुद्दे खत्म हो जाने के बाद विपक्ष केवल नौटंकी कर रहा है.”
खड़गे के ‘शुद्धिकरण’ आरोप पर जेपी नड्डा का जवाब
राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बेहद भावुक अंदाज में एक मुद्दा उठाया. खड़गे ने कहा, “मैंने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया था. मेरे जाने के बाद बीजेपी के लोगों ने उस मंच को ‘शुद्ध’ करने के लिए हवन किया. मैं दलित समुदाय से आता हूँ, लेकिन मुझमें लड़ने की ताकत है. इस तरह का अपमान और अछूत जैसा बर्ताव लोकतंत्र के खिलाफ है.”
Read More : CJP अध्यक्ष अभिजीत दीपके का बड़ा एलान, जल्द शुरू होगा जंतर-मंतर सीजन 2
इस पर राज्यसभा में सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने तत्काल जवाब देते हुए कहा कि बीजेपी ऐसी किसी भी गतिविधि का समर्थन नहीं करती है. नड्डा ने कहा, “खड़गे जी द्वारा उठाई गई बात बेहद दुखद है. बीजेपी इस तरह के आचरण की निंदा करती है और इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी. अगर खड़गे जी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो यह हम सभी के लिए खेद का विषय है.”




