हंदवाड़ा : जम्मू-कश्मीर के उत्तरी कश्मीर क्षेत्र स्थित हंदवाड़ा में सुरक्षाबलों ने आतंकी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। हंदवाड़ा पुलिस ने सेना की 21 राष्ट्रीय राइफल्स (21 RR) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 92वीं बटालियन के साथ एक संयुक्त तलाशी अभियान चलाकर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन ‘हिजबुल मुजाहिदीन’ से जुड़े एक संदिग्ध हाइब्रिड आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।
Read More : अरुणाचल और अक्साई चिन पर UN का नया नक्शा विवादों में, भारत नाराज
हंदवाड़ा-कुपवाड़ा क्षेत्र में सक्रिय था हाइब्रिड आतंकी
सुरक्षा एजेंसियों को गुप्त सूचना मिली थी कि हंदवाड़ा-कुपवाड़ा क्षेत्र में हिजबुल मुजाहिदीन का एक हाइब्रिड आतंकी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है। इस सूचना के आधार पर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीमों ने हंदवाड़ा कस्बे के चिन्हित स्थान पर मजबूत घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। घेराबंदी के दौरान भागने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध को मुस्तैद जवानों ने दबोच लिया।
चीन निर्मित पिस्तौल, 2 मैगजीन और 16 कारतूस बरामद
गिरफ्तार किए गए आरोपित की पहचान हंदवाड़ा के क्रूमूरा निवासी मंजूर अहमद भट (पिता- मोहम्मद सुल्तान भट) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान मंजूर के कब्जे से चीन निर्मित एक पिस्तौल, दो मैगजीन और 16 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पूर्व में भी दो मामलों में गिरफ्तार हो चुका है मंजूर भट
पुलिस जांच में सामने आया है कि मंजूर अहमद भट हिजबुल मुजाहिदीन का पूर्व आतंकी रहा है और इससे पहले भी आतंकवाद से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। इस संबंध में हंदवाड़ा थाने में एफआईआर संख्या 232 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि इस हाइब्रिड मॉड्यूल में उसके साथ कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्षेत्र में उसका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।






