लक्ष्मीकांत मुंडा हत्याकांड की जांच तेज करने की मांग, समीर उरांव ने दी आंदोलन की चेतावनी

रांची : आदिवासी राजस्व कर्मचारी स्वर्गीय लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के मामले में भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव ने एक सप्ताह के

लक्ष्मीकांत मुंडा

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : आदिवासी राजस्व कर्मचारी स्वर्गीय लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के मामले में भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव ने एक सप्ताह के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में गिरफ्तारी नहीं होने पर पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करेगी। भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में समीर उरांव ने कहा कि लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की विफलता का परिणाम है। उन्होंने इस हत्या के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए पुलिस से सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करने की मांग की।

Read More : जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पटाखे की दुकान लगाने पर होगी कार्रवाई, निगम की सख्त चेतावनी

भाजपा की छह सदस्यीय कमिटी ने की जांच

समीर उरांव ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस मामले की जांच के लिए छह सदस्यीय कमिटी गठित की थी। कमिटी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के माता-पिता, बहन, पत्नी तथा आसपास के लोगों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान मिली जानकारी के अनुसार लक्ष्मीकांत मुंडा सरल, मिलनसार और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। उनका किसी से कोई विवाद नहीं था।

कार्यालय से बार-बार फोन किए जाने की जांच की मांग

समीर उरांव ने आशंका जताई कि लक्ष्मीकांत मुंडा पर किसी गलत या गैरकानूनी काम को करने का दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि हत्या वाले दिन कार्यालय से उन्हें बार-बार फोन किया गया था। पुलिस को इसकी जांच करनी चाहिए कि आखिर उन्हें इतनी बार फोन क्यों किया जा रहा था। उन्होंने हत्या में किसी परिचित व्यक्ति की भूमिका होने की आशंका भी जताई और पुलिस से इस बिंदु सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच करने की मांग की।

एक सप्ताह में गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन

समीर उरांव ने कहा कि हत्या की घटना को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी। पार्टी इस मामले को लेकर चरणबद्ध आंदोलन करेगी।

डीजीपी से मिलेगा भाजपा का जांच दल

समीर उरांव ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की ओर से गठित जांच कमिटी अपनी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष को सौंप चुकी है। इसके बाद कमिटी के सदस्य डीजीपी से मुलाकात कर मामले में त्वरित कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करेंगे। प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, पिंकी खोया, रवि मुंडा, रितेश उरांव, अशोक मुंडा और अर्जुन मुंडा मुख्य रूप से उपस्थित थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *