रांची : मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर दुर्गा पूजा महाभंडारा आयोजन समिति के अध्यक्ष लखपति कुमार साहू ने 14 अक्टूबर 2026 को रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने 19 अक्टूबर 2026 को श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित महाभंडारा और जागरण के लिए उन्हें आमंत्रित किया। लखपति कुमार साहू ने नगर आयुक्त को आमंत्रण कार्ड और चुनरी भेंट की। रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के वरीय उपाध्यक्ष के रूप में उन्होंने शहर के बड़े और छोटे पूजा पंडालों में साफ-सफाई, बिजली और पानी की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की।
Read More : रामगढ़ में CBI की छापेमारी, CCL कर्मी अभय कुमार बख्शी गिरफ्तार
पूजा पंडालों की व्यवस्था पर नगर आयुक्त से चर्चा
लखपति कुमार साहू ने दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों में नगर निगम की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई, बिजली और पानी की बेहतर व्यवस्था से रांची को स्वच्छता रैंकिंग में नंबर वन स्थान हासिल करने की दिशा में मदद मिल रही है। उन्होंने नगर आयुक्त को विभिन्न पूजा पंडालों की समस्याओं से अवगत कराया और उनसे रांची के पूजा पंडालों का भ्रमण करने का आग्रह किया।
DTO को दिया महाभंडारे का निमंत्रण
समिति के अध्यक्ष लखपति कुमार साहू ने रांची के DTO अखिलेश कुमार से भी मुलाकात की। उन्होंने DTO को आमंत्रण पत्र, चुनरी और प्रतीक चिह्न भेंट कर श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित महाभंडारा और जागरण में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस दौरान उन्होंने दुर्गा पूजा के समय वाहन चालान को लेकर आम लोगों को होने वाली परेशानियों का मुद्दा उठाया।
दुर्गा पूजा, छठ और दिवाली तक चालान पर रोक की मांग
लखपति कुमार साहू ने DTO से आग्रह किया कि दुर्गा पूजा संपन्न होने तक रांची में वाहनों के चालान पर रोक लगाने पर विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि कई परिवार एक ही बाइक पर पति-पत्नी और बच्चों के साथ पूजा पंडाल घूमने निकलते हैं। कुछ पंडालों के बीच दूरी अधिक होने के कारण लोग एक अतिरिक्त सवारी भी बैठा लेते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिसकर्मियों की ओर से चालान काटे जाने और ऑनलाइन चालान घर भेजे जाने से लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने दुर्गा पूजा, छठ और दिवाली तक श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए कुछ दिनों के लिए चालान पर रोक लगाने की मांग की।
उच्च अधिकारियों से बात करने का मिला आश्वासन
लखपति कुमार साहू के आग्रह पर DTO अखिलेश कुमार ने इस विषय पर अपने उच्च अधिकारियों से बात करने और आवश्यक कार्रवाई के लिए चर्चा करने का आश्वासन दिया।




