रांची : कोल्हान विश्वविद्यालय ने अपनी अकादमिक परिषद का पुनर्गठन किया है। नवगठित परिषद में व्यापार एवं उद्योग जगत का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करते हुए फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष कुणाल अजमानी को सदस्य मनोनीत किया गया है। कुणाल अजमानी को अकादमिक परिषद में शामिल करने का उद्देश्य उच्च शिक्षा और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। विश्वविद्यालय स्तर की पढ़ाई और पाठ्यक्रम को उद्योगों की बदलती जरूरतों से जोड़ने तथा विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में उनके अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद है।
Read More : मायावती का बड़ा संकेत, आकाश आनंद की जिम्मेदारियां लौटने पर विचार
व्यापार और उद्योग से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं
कुणाल अजमानी झारखंड चैंबर के अध्यक्ष के रूप में व्यापार एवं उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। वह पूर्व में डायरेक्ट टैक्सेस में स्टेट एडवाइजरी बोर्ड, गवर्नमेंट ऑफ इंडिया में दो साल तक सदस्य भी रहे हैं। इसके अलावा वह एयरपोर्ट एडवाइजरी बोर्ड में भी दो कार्यकाल के लिए सदस्य रहे हैं। वर्तमान में वह पंजाबी हिंदू बिरादरी के अध्यक्ष हैं।
शिक्षा, उद्योग और रोजगार के बीच मजबूत होगा संबंध
अकादमिक परिषद में कुणाल अजमानी की नई भूमिका से शिक्षा, उद्योग और रोजगार के बीच संबंध को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। उद्योग जगत से जुड़े उनके अनुभव का इस्तेमाल विश्वविद्यालय के शैक्षणिक स्तर पर उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप समन्वय बढ़ाने में किया जा सकेगा। कुणाल अजमानी के मनोनीत होने पर झारखंड चैंबर के सदस्यों, पंजाबी हिंदू बिरादरी समेत कई व्यावसायिक, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई दी है।






