रांची/ कोडरमा। कोडरमा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोडरमा घाटी के नौवां माइल के समीप बुधवार को ट्रक और कंटेनर के बीच आमने सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कोल्ड ड्रिंक्स से लदे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद ट्रक में लदी कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें सड़क पर बिखर गईं जिससे घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा तफरी की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार कोल्ड ड्रिंक्स से लदा ट्रक रांची से बिहार की ओर जा रहा था जबकि कंटेनर बिहार से जमशेदपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान कोडरमा घाटी के नौवां माइल के पास एक तीखे मोड़ पर दोनों वाहनों की आमने सामने टक्कर हो गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया और उसमें लदी कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें सड़क पर बिखर गईं।हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल होकर वाहन में फंस गया। घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
सूचना मिलने के बाद सड़क सुरक्षा कर्मी सागर गिरी और कोडरमा थाना की पेट्रोलिंग टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला गया।इसके बाद चालक को इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेजा गया जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
हादसे के कारण रांची पटना मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया। क्षतिग्रस्त वाहनों और सड़क पर बिखरी बोतलों के कारण वाहनों की आवाजाही में परेशानी हुई।पुलिस ने मौके पर स्थिति संभालते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई की जिसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया।फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।




