खूंटी : जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक मंगलवार को सांसद कालीचरण मुंडा के आवासीय जिला कार्यालय में हुई। जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में कांग्रेस के प्रस्तावित ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को लेकर चर्चा हुई। अभियान के तहत जिले की प्रत्येक पंचायत में चौपाल लगाकर मतदाताओं को जागरूक करने और इसे बूथ स्तर तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई।
Read More : चाईबासा में बाल दिवस और झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष सभा आयोजित
वैध मतदाताओं के नाम कटने से रोकेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी का प्रत्येक पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेगा कि किसी भी वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटे। वैध मतदाताओं के मताधिकार की रक्षा करना पार्टी का कर्तव्य है। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ता ‘वोट रक्षक’ के रूप में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में चौपाल लगाकर लोगों को मतदाता सूची के प्रति जागरूक किया जाएगा। नए मतदाताओं के नाम सूची में जुड़वाने के साथ ही गलत तरीके से हटाए गए नामों को दोबारा शामिल कराने के लिए भी पार्टी पहल करेगी।
नेताओं ने बूथ स्तर तक अभियान पहुंचाने पर दिया जोर
बैठक में लोकसभा प्रभारी राजेश गुप्ता, जिला प्रभारी चैतू उरांव और विधानसभा प्रभारी हिमांशु राय ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास है। इसे बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने की जरूरत है।
बैठक में ये कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में नाइमुद्दीन खां, विलसन तोपनो, नगर पंचायत अध्यक्ष गुलाम गौश, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता गोप, प्रनीत तोपनो, जुनैद खान, ऋतुराज झा, विक्रम नाग और अल्बर्ट तिग्गा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।





