रांची : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची की ओर से 1 अगस्त 2026 को रांची सिविल कोर्ट परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का विधिवत उद्घाटन रांची के न्याययुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1 ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान न्याययुक्त ने रक्तदान को महादान बताते हुए न्यायालय के कर्मियों और अधिवक्ताओं को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और किसी जरूरतमंद को समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त उसकी जान बचाने में सहायक हो सकता है।
Read More : रांची में 8 अगस्त को सखुआ महोत्सव, नगर निगम लगाएगा 10 हजार पौधे
न्याययुक्त ने रक्तदान के लिए किया प्रेरित
न्याययुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1 ने कोर्ट परिसर में सामाजिक और मानवीय उद्देश्य से आयोजित रक्तदान शिविर की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य नहीं है और लोगों को स्वेच्छा से इस कार्य में आगे आना चाहिए। शिविर में न्यायिक पदाधिकारियों, रांची जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं, कनिष्ठ वकीलों और न्यायालय कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई न्यायिक पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने स्वयं रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण प्रस्तुत किया। रांची जिला बार एसोसिएशन के महासचिव संजय कुमार विद्रोही ने कहा कि रक्त की एक यूनिट किसी व्यक्ति की जान बचाने में सहायक हो सकती है। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई धर्म नहीं होता और सभी लोगों को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
रिम्स की विशेषज्ञ टीम की देखरेख में हुआ आयोजन
रक्तदान शिविर का संचालन रिम्स के विशेषज्ञ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम की देखरेख में किया गया। शिविर के दौरान रक्तदाताओं की पहले आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। रक्तदान से पहले सभी लोगों का ब्लड प्रेशर और हीमोग्लोबिन समेत जरूरी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित माहौल में रक्तदान कराया गया। रक्तदान करने वाले सभी अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मियों को न्याययुक्त और आयोजकों की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर के समापन पर आयोजक मंडल ने न्याययुक्त, न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं और सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
न्यायिक पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने किया रक्तदान
कार्यक्रम के प्रथम चरण में व्यवहार न्यायालय, रांची के न्यायिक पदाधिकारियों और न्यायिक दंडाधिकारियों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में पी.ओ. एमएसीटी निशांत कुमार, रांची जिला बार एसोसिएशन के महासचिव संजय कुमार विद्रोही, न्यायिक दंडाधिकारी मनीष कुमार सिंह, अमित गुप्ता, एलएडीसी के सहायक अनुप कुमार, पीएलवी अमित बड़ाईक और सिकंदर मुंडा शामिल थे।
इस अवसर पर न्याययुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1, अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय राजेश कुमार सिंह समेत कई न्यायिक पदाधिकारी और न्यायिक दंडाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में न्यायिक दंडाधिकारी मनीष कुमार सिंह, अमित गुप्ता, अभिषेक श्रीवास्तव और प्रशांत कुमार वर्मा सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, रांची जिला बार एसोसिएशन के महासचिव संजय कुमार विद्रोही समेत अधिवक्ता तथा एलएडीसी के सदस्य भी उपस्थित थे।
एलएडीसी चीफ प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिंह, एलएडीसी सहायक वीरेंद्र प्रताप, पंकज कुमार शर्मा, अनुप कुमार और सौरभ पांडे सहित अन्य सदस्य कार्यक्रम में शामिल हुए। रिम्स की ओर से डॉ. सुषमा कुमारी, डॉ. उमेश कुमार सिंह, डॉ. जॉनशन टोप्पो, डॉ. कविता देवघरिया, आशीष सैनी, सुमन कुमारी, मेरजन टोपनो, प्रसेन प्रसाद, संतोष कुमार, निरूपा, राहुल दास, राहुल कुमार प्रशांत, वीरेंद्र खाखा और नुरूल होदा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।




