रांची: सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा मामले में पत्रकार अभिषेक भारती और एक न्यूज चैनल पर की गई पुलिस कार्रवाई का रांची के पत्रकारों ने विरोध जताया है। इसे लेकर वरिष्ठ पत्रकार रजत कुमार गुप्ता और संपूर्णानंद भारती (अभिषेक भारती के पिता) और अन्य पत्रकारों ने रांची प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस कार्रवाई का विरोध किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकार अभिषेक भारती के पिता और वरिष्ठ पत्रकार संपूर्णानंद भारती ने रांची और सिमडेगा पुलिस पर उनके परिवार को प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया।पत्रकारों ने इस मामले को लेकर झारखंड के डीजीपी तदाशा मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराने का निर्णय लिया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सभी पत्रकार प्रेस क्लब के बाहर एकत्रित हुए और अभिषेक भारती के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने की मांग को लेकर नारेबाजी की। पत्रकारों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई।
वरिष्ठ पत्रकार रजत कुमार गुप्ता ने कहा है कि पत्रकारों के खिलाफ लगातार ज्यादती की खबरें सामने आती रही हैं। इस मामले में मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन सौंपा जाएगा. उन्होंने कहा कि पुलिस के आला अधिकारी को भी वस्तुस्थिति से अवगत कराया जायेगा।
मालूम कि रविवार देर रात सिमडेगा पुलिस और अरगोड़ा थाने की पुलिस विधायक भूषण बाड़ा मामले में पीड़िता का इंटरव्यू प्रसारित करने वाले डिजीटल मिडीया कार्पयालय हुंची थी। इस दौरान पुलिस कार्यालय से माइक सहित कई सामान जब्त कर अपने साथ ले गई थी।
रविवार की रात पुलिस के न्यूज चैनल के दफ्तर पहुंचने की सूचना पर भाजपा के पूर्व सांसद दीपक प्रकाश समेत अन्य भाजपा नेता पहुंचे थे। साथ ही पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठाये। भाजपा ने आरोप लगाया कि पुलिस दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार करने के बजाय खबर दिखाने वाले मीडियाकर्मी को परेशान कर रही है।






