रांची: ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की संयुक्त सचिव श्रीमती स्वाति शर्मा ने झारखंड की ग्रामीण विकास,ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के रांची स्थित आवासीय कार्यालय में मुलाक़ात की।
इस अवसर पर राज्य में संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) और VB-GRAMG सहित विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान झारखंड के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, केंद्र एवं राज्य के बीच बेहतर समन्वय तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुँचाने के लिए आवश्यक पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने, स्वयं सहायता समूहों एवं किसान उत्पादक संगठनों (FPO/FPC) की भागीदारी बढ़ाने, आजीविका संवर्धन, आधारभूत संरचना विकास तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए समन्वित प्रयासों पर भी विचार-विमर्श किया गया। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार का सतत प्रयास है कि केंद्र एवं राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ग्रामीण विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से पहुँचे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि साझा प्रयासों से झारखंड में समावेशी एवं सतत ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।
बैठक में मनरेगा आयुक्त मृत्युंजय कुमार बरनवाल तथा झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी श्री अनन्य मित्तल भी उपस्थित रहे।




