रांची : छात्रों के आंदोलन पर हुई पुलिसिया कार्रवाई और विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आहूत ‘झारखंड बंद’ के दौरान राजधानी रांची के कमड़े और रातु इलाके में व्यापक असर देखने को मिला। भाजपा नेता ललित नारायण ओझा के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं ने कमड़े से लेकर रातु लाल चौक तक एक विशाल पैदल मार्च निकाला और आम जनता व दुकानदारों से हाथ जोड़कर बंद में सहयोग की अपील की।
Read More : सुभाष चंद्र बोस की अस्थियों पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, केंद्र से जवाब
इस प्रदर्शन को ‘छात्र बचाओ संविधान बचाओ मार्च’ का नाम दिया गया, जिसमें छात्र युवा संघर्ष समिति, झारखंड ट्रक ओनर एसोसिएशन और झारखंड जनशक्ति मजदूर यूनियन सहित दर्जनों सामाजिक व व्यावसायिक संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बंद के समर्थन में राजधानी की प्रमुख थोक मंडियों, ट्रांसपोर्ट व्यवसायों और रांची मालवाहक टेंपो संघ ने अपने वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रखा। व्यापारिक और परिवहन संघों के समर्थन के कारण मालवाहक वाहनों की आवाजाही ठप्प रही, जिससे इलाके में बंदी का व्यापक प्रभाव देखा गया।
इस मार्च और प्रदर्शन में मुख्य रूप से पवन गुप्ता, मंतोष सिंह, चंदन सिंह, गौरीशंकर राय, परमानंद राय, मनोज पासवान, सोली पासवान, मक्खन पासवान, संतोष राय, बाली राय, महेंद्र यादव, संजय यादव, विजय यादव, मथुरा यादव, दिनेश चौबे, सोनू सिंह, सुरेंद्र सिंह, मुकेश सिंह, शेखर सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




