रांची: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने जमशेदपुर में भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस द्वारा किए गए पथराव और इसमें भाजपा के कार्यकर्ताओं के घायल होने की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है। उन्होंने कहा कि JNU की बेटियों के लिए न्याय की मांग कर रही भाजपा महिला मोर्चा की बहनों पर हमला बेहद गंभीर मामला है।
यह घटना कांग्रेस की हताशा, गुंडागर्दी और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उसकी असहिष्णुता का प्रमाण है। लोकतांत्रिक तरीके से सवाल पूछने और विरोध दर्ज कराने का अधिकार हर नागरिक को है, लेकिन प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट और पथराव की खबरें लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
आरोपी सांसद बिमोल अकोइजाम पर कार्रवाई कब होगी?
श्री साहू ने कहा कि जमशेदपुर में भाजपा महिला मोर्चा की बहनें JNU की बेटियों के लिए न्याय की मांग करते हुए कांग्रेस कार्यालय के बाहर लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करने और एक सीधा सवाल पूछने गई थीं। आरोपी सांसद बिमोल अकोइजाम पर कार्रवाई कब होगी? जब झूठ और बहानेबाजी से कांग्रेस सच्चाई का सामना करने में विफल हो गई, तब उसने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रहे भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमला करवाकर अपनी हताशा उजागर कर दी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा हमारी बहनों एवं कार्यकर्ताओं पर पथराव और हमला किया गया, जिसमें 10 से अधिक कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है।

पथराव और हमले में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए तथा दोषियों को गिरफ्तार किया जाए

उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है कि लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करे और कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई करे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर पथराव और हमले में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए तथा दोषियों को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कानून-व्यवस्था संभालने में विफलता को लेकर जमशेदपुर के SSP डॉ. एहतेशाम वक़ारिब को तत्काल निलंबित करने की भी मांग की है।

कांग्रेस यह समझ ले कि भाजपा के कार्यकर्ता न डरने वाले हैं, न झुकने वाले हैं

उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह समझ ले कि भाजपा के कार्यकर्ता न डरने वाले हैं, न झुकने वाले हैं और न ही अन्याय के सामने चुप बैठने वाले हैं। हमारी बहनों के सम्मान और न्याय की लड़ाई को पत्थरों से दबाने की कोशिश करने वाले लोग यह जान लें कि भाजपा का संघर्ष ऐसी कायराना हरकतों से रुकने वाला नहीं है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि हमारी लड़ाई अब और तेज होगी। जब तक आरोपी सांसद को बर्खास्त कर गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि याद रखिए, भाजपा के कार्यकर्ताओं का संकल्प सत्ता के अहंकार और गुंडागर्दी से कहीं अधिक मजबूत है। अन्याय के विरुद्ध हमारी आवाज पहले भी बुलंद थी, आज भी बुलंद है और आगे भी बुलंद रहेगी।

also read : शालीमार मैदान में रावण दहन की तैयारियों का नगर आयुक्त ने लिया जायजा