जमशेदपुर : शहर का विकास उद्योग, प्रशासन और समाज के बीच बेहतर समन्वय और सामूहिक जिम्मेदारी का परिणाम है। शहरी विकास की चुनौतियों से निपटने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में इन सभी की भागीदारी महत्वपूर्ण रही है। ये बातें शुक्रवार को टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (टीएसयूआईएसएल) के प्रबंध निदेशक अतुल कुमार भटनागर ने विश्व शहर दिवस के अवसर पर कहीं।
Read More : दिल्ली रवाना हुए सीएम हेमंत सोरेन, रैली में होंगे शामिल
उन्होंने कहा कि टीएसयूआईएसएल शहर की आधारभूत सुविधाओं और नागरिक सेवाओं के प्रबंधन में बेहतर मानक स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कंपनी का उद्देश्य केवल शहरी सुविधाओं का विस्तार करना नहीं है, बल्कि नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना और जमशेदपुर के लिए टिकाऊ भविष्य तैयार करना भी है।
आर्थिक उपलब्धियों के साथ जीवन स्तर भी जरूरी
31 अक्टूबर को मनाए जाने वाले विश्व शहर दिवस के संदर्भ में अतुल कुमार भटनागर ने जमशेदपुर की विकास यात्रा को उद्योग और समाज के बीच मजबूत रिश्ते का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि किसी शहर की वास्तविक प्रगति केवल उसकी आर्थिक उपलब्धियों से तय नहीं होती, बल्कि वहां रहने वाले लोगों को मिलने वाली सुविधाएं और उनका जीवन स्तर भी इसके महत्वपूर्ण पैमाने हैं।
सुनियोजित बसावट और नागरिक सुविधाओं से बनी पहचान
देश के प्रमुख औद्योगिक शहरों में शामिल जमशेदपुर ने इस्पात उत्पादन के साथ-साथ सुनियोजित बसावट, हरियाली, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। शहर की व्यवस्थित सड़कें, आवासीय क्षेत्र, शैक्षणिक संस्थान, अस्पताल, खेल परिसर और सार्वजनिक स्थल इसकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल हैं।



