फिलिस्तीन में बनेगा ‘इंडिया हॉस्पिटल’, राजदूत ने भारत की मदद पर कही बात

फिलिस्तीनी राजदूत अब्दुल्ला एम. अबू शावेश ने कहा कि इंडिया हॉस्पिटल की औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और मेडिकल मदद जल्द फिलिस्तीन पहुंचेगी।

अपनी भाषा में पढ़ें

नई दिल्ली: भारत में फिलिस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला एम. अबू शावेश ने कहा है कि फिलिस्तीन में जल्द ‘इंडिया हॉस्पिटल’ बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल से जुड़ी कागजी कार्रवाई और औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। राजदूत ने इसे भारत और फिलिस्तीन के बीच मजबूत होते संबंधों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। बुधवार को आईएएनएस से विशेष बातचीत में अबू शावेश ने वेस्ट बैंक में स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति, भारत की ओर से मिल रही चिकित्सा सहायता और विदेश मंत्रालय की सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन के फिलिस्तीन दौरे को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि भारत की वरिष्ठ राजनयिक ने मंगलवार को फिलिस्तीन में कई महत्वपूर्ण बैठकें कीं। इस दौरान वेस्ट बैंक में ‘इंडिया हॉस्पिटल’ स्थापित करने और उसे शुरू करने से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की गईं और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर हुए। राजदूत ने बताया कि अस्पताल के अलावा कई अन्य परियोजनाओं से संबंधित समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए गए हैं।

भारत ने दो-राष्ट्र समाधान के समर्थन को दोहराया

मंगलवार को विदेश मंत्रालय की सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन ने फिलिस्तीन की आधिकारिक यात्रा की थी। इस दौरान उन्होंने फिलिस्तीनी लोगों के प्रति भारत के निरंतर समर्थन की पुष्टि की। रंगनाथन ने रामल्लाह में फिलिस्तीन की विदेश और प्रवासी मामलों की मंत्री वारसनेन अगाबेकियान शाहीन से मुलाकात की। इस दौरान भारत ने दो-राष्ट्र समाधान के जरिए फिलिस्तीन के लिए अपने लंबे समय से चले आ रहे समर्थन को दोहराया। रामल्लाह स्थित भारत के प्रतिनिधि कार्यालय ने एक्स पर बताया कि दोनों पक्षों ने बातचीत के जरिए दो-देश समाधान के लिए अपने समर्थन की पुष्टि की। भारत ने गाजा में गंभीर मानवीय स्थिति पर चिंता जताते हुए आम नागरिकों तक बिना किसी बाधा के मानवीय सहायता पहुंचाने पर भी जोर दिया। अबू शावेश ने कहा कि भारत के वरिष्ठ राजनयिक का यह दौरा दोनों देशों के संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।

फिलिस्तीन को मेडिकल सप्लाई और डायलिसिस मशीन की मदद

फिलिस्तीन की स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति पर राजदूत ने कहा कि वहां का हेल्थ सेक्टर गंभीर संकट से गुजर रहा है। उन्होंने बताया कि करीब दो महीने पहले उन्होंने इस मुद्दे को उठाया था और भारत के विदेश मंत्री से इस संबंध में बातचीत की थी। अबू शावेश के अनुसार, भारत से दवाइयां और मेडिकल सप्लाई जल्द फिलिस्तीन पहुंचने की उम्मीद है। इससे पहले नई दिल्ली स्थित फिलिस्तीनी दूतावास में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने भारत की ओर से कृत्रिम अंग परियोजना के लिए मिल रही मदद की जानकारी भी दी थी। उन्होंने बताया कि भारत फिलिस्तीन को डायलिसिस मशीन और अन्य मेडिकल सामान भी भेजेगा। राजदूत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी फिलिस्तीन की मदद के लिए आगे आने की अपील की।

उन्होंने कहा कि फिलिस्तीन इस समय अस्तित्व के खतरे का सामना कर रहा है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को कार्रवाई के लिए इंतजार नहीं करना चाहिए। उन्होंने इजरायली बस्तियों के विस्तार, जबरन विस्थापन और ‘वास्तविक विलय’ को रोकने के लिए कदम उठाने की मांग की। अबू शावेश ने कथित चरमपंथी हिंसा के लिए जवाबदेही तय करने और फिलिस्तीनी लोगों के अस्तित्व तथा उनके मूल अधिकारों की रक्षा करने की भी अपील की। राजदूत ने कहा कि फिलिस्तीनी जमीन को चुनावी पुरस्कार के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए और फिलिस्तीनी लोगों के अधिकारों को किसी देश की चुनावी राजनीति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से फिलिस्तीनी लोगों के अधिकारों और भविष्य को लेकर तत्काल कदम उठाने का आह्वान किया।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *