रांची : FJCCI चुनाव को लेकर रांची चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय मोहरी ने पंडरा बाजार के व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने चैंबर चुनाव में मैदान में उतरे प्रत्याशियों को व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराने के लिए व्हाट्सऐप पर एक संदेश साझा किया। संजय मोहरी ने अपने संदेश में पिछले 10 वर्षों के FJCCI चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव के समय व्यापारियों से बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित काम नहीं हुआ।
Read More : गुवा गोलीकांड के शहीदों को CM हेमंत सोरेन ने किया नमन, कहा- वीर अमर रहें
सड़क, बिजली, पानी और सुरक्षा की समस्याएं गिनाईं
संजय मोहरी ने पंडरा बाजार के व्यापारियों की समस्याओं का जिक्र करते हुए सड़क की दयनीय स्थिति, रोशनी की व्यवस्था नहीं होने, पानी की समस्या और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन अब व्यापारियों को ऐसे प्रत्याशी को वोट नहीं देना चाहिए जो केवल अपना चेहरा चमकाने के लिए चुनाव लड़ते हैं। उनके मुताबिक, ऐसे प्रत्याशी को समर्थन मिलना चाहिए जो व्यापारियों की परेशानी समझे और उसका समाधान करे।
‘दो महीने में समस्या समाधान की गारंटी दे’
मोहरी ने कहा कि आलू-प्याज और वनोपज मुख्य बाजार के व्यापारी उस टीम को एकमुश्त वोट देंगे, जो दो महीने में उनकी समस्याओं के समाधान की गारंटी देगी। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “सबको देखा, सभी ने ठगा, ये नहीं चलेगा।”
व्यापारी प्रतिनिधि संतोष सिंह ने किया समर्थन
व्यापारी प्रतिनिधि संतोष सिंह ने भी संजय मोहरी की बातों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि चैंबर चुनाव के दौरान वोट लेने के लिए प्रत्याशियों को पंडरा के व्यापारियों की याद रहती है, लेकिन चुनाव जीतने के बाद आने वाली टीम व्यापारियों की समस्याओं पर ध्यान नहीं देती। संतोष सिंह ने कहा कि इसका नतीजा यह है कि आज पंडरा बाजार की स्थिति ‘बद से बदहाल’ हो गई है। उन्होंने कहा कि अब व्यापारियों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि काम और समस्याओं का समाधान चाहिए।






