रांची : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) मुख्यालय, रांची में बुधवार को सम्मान समारोह आयोजित कर सितंबर में सेवानिवृत्त होने वाले 8 मुख्यालय कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इसके साथ ही CCL के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए उनके-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस तरह मुख्यालय और विभिन्न क्षेत्रों से सेवानिवृत्त हुए कुल 84 कर्मियों को विदाई दी गई।
Read More : रांची में कोचिंग संस्थानों पर सख्ती, सुरक्षा मानकों के अनुपालन का निर्देश
सेवानिवृत्त कर्मियों ने साझा किए सेवाकाल के अनुभव
समारोह के दौरान CCL मुख्यालय में एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएं और यादें साझा कीं। मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में श्रीमती सुचंद्रा सिन्हा, महाप्रबंधक (ई एंड एम), ई एंड एम विभाग; श्री संतोष कुमार सिंह, महाप्रबंधक (ई एंड टी), ई एंड टी विभाग; श्री रंधीर कुमार सिंह, मुख्य प्रबंधक (वित्त), सतर्कता विभाग; और श्री गौतम चौधरी, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन), समाधान सेल विभाग शामिल हैं। इसके अलावा श्री आदिल हुसैन, प्रबंधक (खेल), कल्याण विभाग; श्री अनिल कुमार सहनी, ओ. एस, ग्रेड-A1, प्रशासन विभाग; श्री कमलेश पंडित, मुख्य फार्मासिस्ट, गांधी नगर अस्पताल और श्री मोहन तांती, चपरासी (चिकित्सा विभाग) भी सेवानिवृत्त हुए।
सीएमडी ने योगदान को किया याद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में CCL के सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) श्री पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र और मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) श्री पंकज कुमार मौजूद रहे। इस अवसर पर CCL के सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उनके वर्षों के अनुभव, मेहनत और समर्पण ने CCL की कार्यसंस्कृति और प्रगति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि यह अवसर उनके सेवाकाल को सम्मानपूर्वक स्मरण करने के साथ उनके अनुभवों और योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी है। सीएमडी ने सेवानिवृत्त कर्मियों को नई जीवन-यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके परिवार के साथ सुखद एवं संतोषपूर्ण जीवन की कामना की।
शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न देकर विदाई
समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।





