रांची : HEC सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी ने शुक्रवार को धुर्वा सेक्टर-3 स्थित सामुदायिक भवन और नगर निगम अंचल कार्यालय के सामने धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान HEC परिसर में सरकारी अस्पताल और वृद्धाश्रम खोलने समेत कई मांगें उठाई गईं। समिति ने कहा कि पहले ज्ञापन और स्मारपत्र देने के बावजूद मांगों पर कार्रवाई नहीं होने के कारण धरना आयोजित करना पड़ा।
Read More : JTET 2026 : एक नवंबर को होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अस्पताल, वृद्धाश्रम और बस सेवा बहाल करने की मांग
धरने के दौरान समिति ने HEC परिसर में सरकारी अस्पताल और वृद्धाश्रम खोलने की मांग की। इसके अलावा सिठीओ श्मशान घाट पर शवदाह शुल्क निर्धारित कर सूचना पट्ट लगाने, आवारा कुत्तों के बंध्याकरण और उनके लिए आश्रय गृह बनाने की मांग भी उठाई गई। समिति ने रांची से धुर्वा गोलचक्कर तक नगर निगम की बस सेवा बहाल करने, सड़क कटाव की मरम्मत कराने और सीवरेज लाइन की नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर प्रदर्शन
समिति के संयोजक लालदेव सिंह ने बताया कि मांगों को लेकर 31 अगस्त 2026 को नगर आयुक्त, मेयर और उपमेयर को ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद 29 सितंबर 2026 को स्मारपत्र भी दिया गया, लेकिन मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में महाधरना आयोजित किया गया।
HEC मुख्यालय के सामने भी होगा धरना-प्रदर्शन
धरनास्थल पर सर्वसम्मति से HEC मुख्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। इसकी तारीख बाद में घोषित की जाएगी। आगामी प्रदर्शन में क्वार्टरों के लीज नवीकरण, लिव-लाइसेंस वाले और खाली आवासों को लीज पर देने, HEC के लिए आर्थिक पैकेज जारी करने, कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों के बकाया भुगतान तथा नियमित वेतन भुगतान की मांग उठाई जाएगी।
इन लोगों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंगल शर्मा ने की। धरने को मंगल शर्मा, लालदेव सिंह और जगमोहन मेहता ने संबोधित किया। इस मौके पर पारस नाथ प्रसाद, हरि नारायण पंडित, दशरथ महतो समेत सोसाइटी के अन्य सदस्य मौजूद थे।




