रांची : बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन अब समुद्र से निकलकर जमीन पर पहुंच गया है। यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है, लेकिन इसके प्रभाव से झारखंड में बारिश का दौर जारी है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार को तेज हवा, गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। 25 सितंबर को भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, 26 और 27 सितंबर को मुख्य रूप से मेघ गर्जन और बिजली चमकने की चेतावनी है। 28 सितंबर से कोई विशेष चेतावनी नहीं है।
Read More : कांग्रेस प्रभारी के. राजू नहीं आएंगे रांची, फ्लाइट रद्द होने से दौरा टला
आज इन इलाकों में ज्यादा असर
25 सितंबर को मध्य झारखंड, उत्तर-पश्चिमी झारखंड और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है। रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद समेत आसपास के इलाकों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हिस्से के पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर-पूर्वी हिस्से में देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में कई जगह बारिश की संभावना जताई गई है। पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला में तेज हवा के साथ मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
26 और 27 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम?
26 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बादल और बारिश की स्थिति बनी रह सकती है। कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश होगी। मौसम विभाग के अलर्ट में इस दिन मुख्य रूप से थंडरस्टॉर्म और बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है। 27 सितंबर को भी कुछ जगहों पर गरज-चमक और बारिश की संभावना रहेगी। हालांकि, बारिश का असर धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है।
28 सितंबर से राहत के आसार
28 सितंबर से मौसम में धीरे-धीरे स्थिरता आने की उम्मीद है। रांची में भी लगातार बारिश का मौजूदा दौर इसके बाद कमजोर पड़ सकता है। हालांकि, छिटपुट बारिश पूरी तरह खत्म होने की गारंटी नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, 25 और 26 सितंबर को बारिश और बादल बने रहने के कारण दिन का तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है। 27 सितंबर से अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत हैं। रांची में न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।




