अनंतनाग : जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के लाल चौक इलाके में बुधवार दोपहर पुलिस और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। अधिकारियों के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे आतंकियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक गोलीबारी जारी रही। इस हमले में ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों के मुताबिक उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
Read More : दिल्ली में प्रदर्शन के बीच DMRC का बड़ा फैसला, 16 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद
पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
घटना के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने लाल चौक और आसपास के क्षेत्रों की घेराबंदी कर दी। अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया और आतंकियों की तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इलाके के सभी प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहनों और लोगों की सघन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमले में कितने आतंकी शामिल थे और फायरिंग के बाद वे किस दिशा में भागे।
आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान हुई मुठभेड़
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बल इलाके में पहले से चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान आतंकियों के संपर्क में आए थे। इसके बाद आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। अधिकारियों का मानना है कि हमलावर आसपास के क्षेत्र में छिपे हो सकते हैं।
17 जुलाई को LoC पर भी हुई थी फायरिंग
इससे पहले 17 जुलाई की रात जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के तारकुंडी फॉरवर्ड इलाके में संदिग्ध गतिविधि देख भारतीय सेना ने फायरिंग की थी। अधिकारियों के अनुसार, रात करीब 10 बजे सैनिकों ने कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधि देखी, जिसके बाद करीब डेढ़ घंटे तक रुक-रुककर गोलीबारी हुई। सेना के मुताबिक, घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, संदिग्ध आतंकी घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे, हालांकि किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।




