पटना : बिहार सरकार ने बीती देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 427 अधिकारियों के तबादले की अधिसूचना जारी की। तबादला सूची जारी होते ही बिहार सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक के कारण तकनीकी समस्या आ गई और वेबसाइट कुछ समय के लिए हैंग हो गई।
Read More : भरत तिवारी एनकाउंटर ममले में याचिकाकर्ता को बड़ा झटका, सुप्रीम कोर्ट ने सीधे सुनवाई से किया इनकार
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार समाज कल्याण, ग्रामीण विकास, सहकारिता, स्वास्थ्य, भवन निर्माण, पथ निर्माण, पशु एवं मत्स्य संसाधन तथा सामान्य प्रशासन विभाग समेत कई विभागों में व्यापक स्तर पर अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। वहीं, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में दो चरणों में 150 से अधिक अंचलाधिकारियों (सीओ) का पहले ही स्थानांतरण किया जा चुका है।
किन विभागों में कितने अधिकारियों का हुआ तबादला
जारी सूची के अनुसार समाज कल्याण विभाग में 151 बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (सीडीपीओ) का तबादला किया गया है। ग्रामीण विकास विभाग में 68 प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) के स्थानांतरण के आदेश जारी हुए हैं। इसके अलावा सहकारिता विभाग के 58 अधिकारियों, भवन निर्माण विभाग के 30 अभियंताओं, स्वास्थ्य विभाग के तीन डॉक्टरों तथा श्रम एवं संसाधन विभाग के 117 पदाधिकारियों का भी तबादला किया गया है।
जून में तबादलों की रही है परंपरा
बिहार में विभागीय स्तर पर जून महीने के दौरान तबादलों की व्यवस्था मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में तय की गई थी। यह व्यवस्था इस वर्ष भी सम्राट चौधरी सरकार के दौरान जारी रही। इसी कारण राज्य में जून का महीना प्रशासनिक तबादलों के लिए अहम माना जाता है।
प्रशासनिक व्यवस्था के तहत जुलाई के पहले सप्ताह में भी कई बार बैक डेट से तबादले की अधिसूचनाएं जारी की जाती रही हैं। यदि किसी विभाग में 30 जून तक तबादले की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती है, तो उस पर अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री स्तर से लिया जाता है। ऐसे बड़े प्रशासनिक फेरबदल को लेकर बिहार की राजनीति में भी अक्सर चर्चा और सियासत तेज हो जाती है।




