पाकुड़ : मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देने के तहत शुक्रवार को पाकुड़ समाहरणालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में DC मेघा भारद्वाज ने चार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। ये नियुक्तियां अनुकंपा नियुक्ति समिति की 4 अगस्त 2026 को हुई अनुशंसा के आधार पर दी गई हैं।
Read more : ड्राइवर रैपिड रिस्पांस सेल ने DSP केवी रमन से की शिष्टाचार मुलाकात
DC ने नव नियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समाहरणालय, पाकुड़ में खोकन लेट को सहायक सह कंप्यूटर संचालक, शीला माल को अनुसेवक और सरवन राय को अनुसेवक के पद पर नियुक्त किया गया। वहीं, शिक्षा विभाग में समीर मरांडी को निम्नवर्गीय लिपिक सह कंप्यूटर संचालक के अनुशंसित पद पर नियुक्ति दी गई।
कठिन परिस्थितियों में परिवारों को मिलता है संबल
नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान DC मेघा भारद्वाज ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति केवल रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था नहीं है, बल्कि कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे परिवारों को संबल प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होंने नव नियुक्त कर्मियों को ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की सलाह दी। DC ने जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश देते हुए कहा कि सरकारी सेवा समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम में समाहरणालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नियुक्ति पत्र मिलने पर नव नियुक्त कर्मियों ने DC के प्रति आभार जताया और पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया। जिला प्रशासन की इस पहल से मृत सरकारी सेवकों के परिवारों को आर्थिक सहारा मिलने की उम्मीद है।








